हल्द्वानी - एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए अलर्ट, 23 अगस्त के बाद सिलेंडर मिलने हो जायेंगे बंद, जानिये बड़ी वजह
हल्द्वानी - शहर के उन क्षेत्रों में जहां पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) नेटवर्क उपलब्ध हो चुका है, वहां एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। एचपीसीएल की ओर से भेजे जा रहे संदेशों में उपभोक्ताओं से जल्द से जल्द पीएनजी कनेक्शन लेने का आग्रह किया गया है।
सूचना के अनुसार, संबंधित क्षेत्रों में पीएनजी आपूर्ति के लिए आवश्यक अवसंरचना तैयार कर ली गई है और कनेक्शन उपलब्ध हैं। एचपीसीएल का कहना है कि पीएनजी कनेक्शन की स्थापना और कमीशनिंग की प्रक्रिया में स्थल की परिस्थितियों के अनुसार लगभग दो माह तक का समय लग सकता है। इसलिए उपभोक्ताओं को अंतिम समय तक इंतजार नहीं करने की सलाह दी गई है।
संदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि भारत सरकार की 24 मार्च 2026 की राजपत्र अधिसूचना के तहत पीएनजी उपलब्ध क्षेत्रों में भविष्य में एलपीजी आपूर्ति प्रभावित हो सकती है। इसी को देखते हुए उपभोक्ताओं से समय रहते पीएनजी कनेक्शन लेने की अपील की जा रही है।
हालांकि, इस संबंध में उपभोक्ताओं के बीच कई सवाल भी उठ रहे हैं। लोग यह जानना चाह रहे हैं कि एलपीजी आपूर्ति बंद होने की प्रक्रिया कब और किस प्रकार लागू होगी तथा किन क्षेत्रों को इसके दायरे में शामिल किया जाएगा।
विशेषज्ञों का कहना है कि पीएनजी को एलपीजी की तुलना में अधिक सुविधाजनक और निरंतर गैस आपूर्ति का माध्यम माना जाता है। वहीं, उपभोक्ताओं को किसी भी भ्रम की स्थिति में एचपीसीएल के स्थानीय कार्यालय से संपर्क कर आधिकारिक जानकारी प्राप्त करनी चाहिए।
शहर में इस सूचना के बाद कई उपभोक्ताओं ने पीएनजी कनेक्शन की प्रक्रिया और भविष्य में गैस आपूर्ति व्यवस्था को लेकर जानकारी जुटानी शुरू कर दी है।
