हल्द्वानी - भू-माफियाओं की दादागीरी, बुजुर्ग महिला की जमीन हड़पने की कोशिश, लाखों का सामान चोरी
 

 | 
हल्द्वानी - भू-माफियाओं की दादागीरी, बुजुर्ग महिला की जमीन हड़पने की कोशिश, लाखों का सामान चोरी

हल्द्वानी - शहर के लामाचौड़ क्षेत्र में भूमिधरी जमीन को लेकर विवाद ने तूल पकड़ लिया है। पालम सिटी निवासी प्रफुल्ल गुप्ता ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि एक कथित भू-माफिया गिरोह ने उनकी 70 वर्षीय मां की जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की और विकसित की गई संपत्ति को उखाड़कर लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। पीड़ित के अनुसार उनकी मां दुर्गा देवी ने वर्ष 2005 में ग्राम जयपुर पाडली, लामाचौड़ में 0.670 हेक्टेयर भूमि विधिवत बैनामे के जरिए खरीदी थी। परिवार द्वारा वर्षों से भूमि पर काश्तकारी कर बगीचा लगाया गया था। वृद्धावस्था के कारण जमीन की देखरेख की जिम्मेदारी अब प्रफुल्ल गुप्ता संभाल रहे हैं।

आरोप है कि वर्ष 2018-19 में आरोपितों ने जेसीबी मशीन से जमीन की पश्चिमी बाउंड्री वॉल और अंदर बने कमरे को ध्वस्त कर दिया था। इस संबंध में स्थानीय प्रशासन और राज्य महिला आयोग में शिकायत भी की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। वर्ष 2020 में लॉकडाउन के दौरान भूमि पर लगे आम के आठ बड़े पेड़ भी काट दिए गए। 16 सितंबर 2021 को दोबारा बाउंड्री तोड़ने की कोशिश के बाद मामला सीनियर सिविल जज, हल्द्वानी की अदालत में पहुंचा। 19 जुलाई 2023 को न्यायालय ने आरोपितों को संपत्ति में अतिक्रमण से रोकते हुए निषेधाज्ञा जारी की थी।

पीड़ित का कहना है कि जमीन की सुरक्षा के लिए करीब 10-12 लाख रुपये खर्च कर सीसीटीवी कैमरे, लोहे का फ्रेम, टिनशेड, हाल, टॉयलेट-बाथरूम और किचन का निर्माण कराया गया था। निर्माण सामग्री जैसे सरिया, गार्डर, एंगल, ईंट-बजरी आदि भी मौके पर रखे गए थे। बताया गया कि 27 अगस्त 2024 की शाम जब वह स्थल पर पहुंचे तो पूरा लोहे का ढांचा, टिनशेड, सीसीटीवी कैमरे, स्टोरेज डिवाइस, फर्नीचर और निर्माण सामग्री सहित अन्य सामान गायब मिला। मौके पर कुछ भी शेष नहीं था।

प्रफुल्ल गुप्ता ने आरोप लगाया है कि पूर्व में धमकी देने वाले रमेश पलड़िया, कन्नू पलड़िया, मयंक शर्मा और ललित प्रताप सिंह रावत ने गिरोह बनाकर घटना को अंजाम दिया। घटना के बाद लामाचौड़ चौकी और 28 अगस्त 2024 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल को ईमेल से शिकायत भेजी गई, लेकिन एफआईआर दर्ज नहीं की गई। अब न्यायालय के आदेश के बाद मुखानी थाना में आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

WhatsApp Group Join Now