हल्द्वानी - पति-पत्नी दोनों इंजीनियर आपसी मनमुटाव में पति ने गर्भवती पत्नी को रखने से किया इनकार, मुकदमा दर्ज करने के निर्देश
हल्द्वानी - पुलिस बहुउद्देशीय भवन में शनिवार को आयोजित पारिवारिक काउंसलिंग सत्र में एक ऐसा मामला सामने आया, जिसमें पति-पत्नी दोनों इंजीनियर होने के बावजूद आपसी मतभेदों के चलते रिश्तों में दरार आ गई। शिकायत के अनुसार, पति ने अपनी गर्भवती पत्नी को अपने साथ रखने से इनकार कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी मंजुनाथ टीसी ने पति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, लालकुआं थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला इंजीनियर ने काउंसलिंग के दौरान बताया कि उसका पति दिल्ली स्थित एक निजी कंपनी में इंजीनियर है। दोनों के बीच कुछ समय से छोटी-छोटी बातों को लेकर विवाद चल रहा था। महिला ने बताया कि वह गर्भवती है, इसके बावजूद पति उसे अपने साथ रखने को तैयार नहीं है। शिकायत सुनने के बाद काउंसलिंग टीम ने मामले पर चर्चा की और एसएसपी ने कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए।
पत्नी ने पति के दूसरी युवती से सम्बन्ध के लगाए आरोप-
वहीं, कालाढूंगी क्षेत्र से आए एक अन्य मामले में पत्नी ने अपने पति पर दूसरी युवती के साथ संबंध होने का आरोप लगाया। महिला ने स्पष्ट किया कि वह अब पति के साथ दिल्ली में नहीं रहना चाहती और हल्द्वानी में किराए के मकान में रहकर जीवन बिताना चाहती है। दोनों पक्षों के बीच बातचीत के बाद समझौता हुआ, जिसके तहत पति सप्ताहांत में पत्नी से मिलने आएगा और उसके खर्चों की जिम्मेदारी भी उठाएगा।
काउंसलिंग सत्र के दौरान कुल 14 मामलों की सुनवाई की गई। इनमें आठ मामलों में प्राथमिकी दर्ज करने की संस्तुति की गई, तीन मामलों में आपसी समझौता हुआ, जबकि तीन मामलों को न्यायालय भेज दिया गया। इस अवसर पर मनोवैज्ञानिक एवं काउंसलर डॉ. रश्मि पंत, शिक्षाविद डॉ. प्रभा पंत, अधिवक्ता राम सिंह, एसआई सुनीता कुंवर सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
