हल्द्वानी - CM हेल्पलाइन में यहां मिली नजूल भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत, नगर निगम ने वापस ली जमीन

हल्द्वानी - मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज शिकायत पर त्वरित और सख्त कार्रवाई करते हुए नगर आयुक्त ऋचा सिंह ने हल्द्वानी के सिंधी चौराहा क्षेत्र में स्थित लगभग 1200 वर्गफुट नजूल भूमि को नगर निगम के कब्जे में ले लिया है। नगर आयुक्त ऋचा सिंह ने जानकारी दी कि यह भूमि नगर निगम के अभिलेखों में नजूल संपत्ति के रूप में दर्ज है। शिकायत की पुष्टि के बाद नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची, जमीन की पहचान की गई और विधिवत प्रक्रिया के तहत इसे कब्जे में लेकर निगम का बोर्ड लगाया गया।

ऋचा सिंह ने बताया कि नगर निगम की संपत्तियों की निगरानी और अवैध कब्जों पर रोक लगाने के लिए नियमित निरीक्षण किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, “सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निगम ऐसी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई कर रहा है और आगे भी सख्ती से निपटेगा।”
स्थानीय निवासियों ने नगर निगम की इस पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि शहर में अवैध कब्जों पर रोक लगाने की दिशा में यह कदम एक मिसाल साबित होगा।
