हल्द्वानी - सीएम धामी ने 147 करोड़ की 40 योजनाओं का किया लोकार्पण-शिलान्यास, जानिए आपके वहां क्या योजना
हल्द्वानी - मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक दिवसीय दौरे पर हल्द्वानी पहुंचकर जनपद के लिए 147 करोड़ 28 लाख 56 हजार रुपये लागत की 40 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। कार्यक्रम सुशीला तिवारी राजकीय मेडिकल कॉलेज परिसर में आयोजित हुआ। इस अवसर पर प्रधानमंत्री की वर्चुअल उपस्थिति में राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ भी किया गया। और एफटीआई सभागार में कानून-व्यवस्था व विकास कार्यों की समीक्षा बैठक लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
23 योजनाओं का लोकार्पण, 17 का शिलान्यास -
मुख्यमंत्री ने 72 करोड़ 38 लाख रुपये की 23 योजनाओं का लोकार्पण तथा 74 करोड़ 90 लाख 56 हजार रुपये की 17 योजनाओं का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से नैनीताल जनपद को विकास की नई गति मिलेगी और उत्तराखंड विकसित राज्य बनने की दिशा में आगे बढ़ेगा। सरकार “विकास और विरासत” को साथ लेकर चल रही है।
प्रमुख लोकार्पित कार्य -
शिप्रा नदी पर 30 मीटर स्पान का मोटर पुल
आईटीआई हल्द्वानी में टेक्नोलॉजी लैब
कोटाबाग, महादेवपुरम, झलुवाझाला, बेलपोखरा व बैलपड़ाव में नलकूप निर्माण
महिला महाविद्यालय में लैब निर्माण
जल जीवन मिशन के अंतर्गत 14 पेयजल योजनाएं
पशु चिकित्सालय रामगढ़ भवन निर्माण सहित अन्य कार्य
शिलान्यास की महत्वपूर्ण परियोजनाएं -
कसियालेख-धारी मोटर मार्ग
रानीबाग-खुटानी सड़क
चाफी-पदमपुरी-धानाचूली मार्ग
28 एमएलडी एसटीपी निर्माण
नवाबी रोड सीवरेज कार्य
नारीमन तिराहे से गौलापार तक सड़क मरम्मत
इसके अतिरिक्त विशेष योजनांतर्गत सहायता कार्यक्रम के तहत स्वीकृत हल्द्वानी-काठगोदाम स्रोत एवं ट्रीटमेंट संवर्धन पेयजल योजना (लागत 154 करोड़ 43 लाख रुपये) का भूमि पूजन भी किया गया।
वनभूलपुरा मामले पर सुप्रीम कोर्ट का आभार -
वनभूलपुरा रेलवे भूमि अतिक्रमण प्रकरण पर मुख्यमंत्री ने सुप्रीम कोर्ट के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अंतरिम निर्णय आने के बाद जिला प्रशासन आगे की कार्रवाई करेगा और विधिक प्रक्रिया के अनुरूप समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
दौरे के दौरान जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। प्रशासन का कहना है कि इन परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से क्षेत्र की आधारभूत संरचना और नागरिक सुविधाओं में व्यापक सुधार होगा।
