हल्द्वानी - मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य स्तरीय सैनिक सम्मेलन में किया प्रतिभाग, पूर्व सैनिकों पर की पुष्प वर्षा
हल्द्वानी - राज्य स्थापना की रजत जयंती वर्ष के अवसर पर गुरुवार को हल्द्वानी में भव्य राज्य स्तरीय सैनिक सम्मेलन आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया और पूर्व सैनिकों का सम्मान करते हुए उन पर पुष्प वर्षा की।
मुख्यमंत्री धामी बृहस्पतिवार सुबह हल्द्वानी आर्मी हेलीपैड पर पहुंचे, जहाँ उनका भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, विधायक बंशीधर भगत, जिला अध्यक्ष प्रताप सिंह, मंडी परिषद अध्यक्ष डॉ. अनिल कपूर (डब्बू), दर्जा राज्य मंत्री शंकर कोरंगा, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरम्वाल, आयुक्त कुमाऊं दीपक रावत, जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी समेत अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पूर्व सैनिकों के योगदान को नमन करते हुए कहा कि “सेना के जवान और पूर्व सैनिक हमारे देश की शान हैं। उनके बलिदान और सेवा से ही देश की सीमाएं सुरक्षित हैं।” उन्होंने राज्य सरकार द्वारा पूर्व सैनिकों के कल्याण हेतु चलायी जा रही योजनाओं की जानकारी भी दी और उनके सुझावों को नीतिगत स्तर पर लागू करने का आश्वासन दिया। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर पूर्व सैनिकों का सम्मान किया और उनके ऊपर पुष्पवर्षा कर कृतज्ञता व्यक्त की। सम्मेलन में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, शहीद परिवारों के सदस्य और सेना अधिकारी उपस्थित रहे।
