हल्द्वानी - बैटरी चोरी गैंग का पर्दाफाश, गौला नदी क्षेत्र में खड़े ट्रकों को बनाते थे निशाना, चार शातिर चोर गिरफ्तार
 

 | 
हल्द्वानी - बैटरी चोरी गैंग का पर्दाफाश, गौला नदी क्षेत्र में खड़े ट्रकों को बनाते थे निशाना, चार शातिर चोर गिरफ्तार

हल्द्वानी - बनभूलपुरा क्षेत्र में लगातार हो रही ट्रक बैटरी चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की छह ट्रक बैटरियां और वारदात में प्रयुक्त कार भी बरामद की है। मामले का खुलासा सीओ अमित कुमार ने किया।

पुलिस के अनुसार 12 फरवरी 2026 को आजाद नगर निवासी जुहैब आलम ने थाना बनभूलपुरा में तहरीर देकर बताया कि 7 फरवरी को इन्द्रानगर गेट के पास खड़े उनके डम्पर से अज्ञात चोर बैटरी चोरी कर ले गए। आसपास खड़े अन्य वाहनों से भी बैटरियां चोरी होने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर गठित टीम ने सुरागरसी-पतारसी करते हुए 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। 14 फरवरी 2026 को पुलिस ने गौला बाईपास रोड से चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में विनोद कुमार, रंजीत सिंह पुत्र ख्यालीराम, रंजीत सिंह पुत्र राम भरोसे और कबाड़ी जलील अहमद शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से छह ट्रक बैटरियां तथा वारदात में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार (UP 15 AN 2345) बरामद की।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गौला नदी क्षेत्र में खड़े ट्रकों को निशाना बनाते थे और चोरी की बैटरियां कबाड़ी को बेच देते थे। कुछ बैटरियां आसपास छिपाकर रखी जाती थीं, जिन्हें बाद में मौके देखकर उठा लिया जाता था। पुलिस के अनुसार पूर्व में चोरी की गई कई बैटरियां कबाड़ी द्वारा तोड़कर आगे बेची जा चुकी हैं।

मुख्य आरोपियों के खिलाफ थाना बहेड़ी, जिला बरेली में चोरी और चोरी का माल रखने के कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं जलील अहमद का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में पुलिस टीम के कई अधिकारी और जवान शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में वाहन चोरी और संबंधित अपराधों पर सख्ती से अंकुश लगाया जाएगा।

WhatsApp Group Join Now