हल्द्वानी - स्वचालित परीक्षण संस्थानों ATS का आरटीओ गुरदेव सिंह ने किया औचक निरीक्षण, दिए सख्त दिशा-निर्देश

 | 
हल्द्वानी - स्वचालित परीक्षण संस्थानों ATS का आरटीओ गुरदेव सिंह ने किया औचक निरीक्षण, दिए सख्त दिशा-निर्देश

हल्द्वानी - सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) हल्द्वानी गुरदेव सिंह ने बुधवार को हल्द्वानी सम्भाग के अंतर्गत संचालित स्वचालित परीक्षण संस्थानों (एटीएस) का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान हल्द्वानी, रुद्रपुर और टनकपुर स्थित एटीएस केंद्रों पर व्यवस्थाओं की गहन जांच की गई और संचालकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

हल्द्वानी में निरीक्षण के दौरान सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी विपिन कुमार सिंह एवं संभागीय निरीक्षक अजय गुप्ता उपस्थित रहे। वहीं रुद्रपुर में निरीक्षण का कार्य एआरटीओ मोहित कोठारी एवं संभागीय निरीक्षक संजय कुमार ने संभाला। वहीं टनकपुर एटीएस का निरीक्षण एआरटीओ सुरेन्द्र कुमार व संभागीय निरीक्षक चारू चन्द्र जोशी ने किया।

आरटीओ गुरदेव सिंह ने सभी एटीएस संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि— वाहन स्वामियों और चालकों के साथ शालीन एवं मृदु व्यवहार किया जाए। साथ ही निर्धारित फीस से अधिक कोई भी धनराशि किसी भी स्थिति में न वसूली जाए। संस्थान परिसर में अनाधिकृत व्यक्तियों की उपस्थिति पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए। प्रत्येक केंद्र पर मुख्य गेट और प्रशासनिक भवन में निर्धारित फीस एवं दंड की सूची को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित (फ्लेक्सी के रूप में) किया जाए।

सभी संस्थानों को निर्देशित किया गया है कि वे हर माह के फिटनेस विवरण को अगले माह के प्रथम सप्ताह तक हल्द्वानी परिवहन कार्यालय में अनिवार्य रूप से जमा कराना सुनिश्चित करें। आरटीओ ने स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में इन निर्देशों की अनदेखी पाई जाती है, तो संबंधित संस्थानों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

WhatsApp Group Join Now