हल्द्वानी - नए शैक्षिक सत्र से पहले प्रशासन सख्त, निजी स्कूलों को मनमानी करने पर दी यह कड़ी चेतावनी
हल्द्वानी - नए शैक्षिक सत्र की शुरुआत से पहले जिला प्रशासन ने निजी स्कूलों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि अभिभावकों पर अनावश्यक आर्थिक दबाव डालने या मनमानी करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में नैनीताल जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग ने शहर के निजी विद्यालयों के प्रबंधकों और प्रिंसिपलों के साथ बैठक कर सख्त निर्देश जारी किए।
बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेई ने कहा कि आगामी शैक्षिक सत्र से सभी निजी विद्यालयों को जिला प्रशासन द्वारा तय की गई एसओपी के अनुसार ही कार्य करना होगा। यदि किसी विद्यालय द्वारा अभिभावकों को एक ही दुकान से कॉपी-किताब, यूनिफॉर्म या अन्य सामग्री खरीदने के लिए बाध्य किया जाता है या बिना अनुमति के फीस में बढ़ोतरी की जाती है, तो उसके खिलाफ तत्काल जांच कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि हर साल प्रशासन के पास निजी स्कूलों के खिलाफ मनमानी फीस वसूली, एक ही दुकान से किताबें और ड्रेस खरीदने का दबाव बनाने तथा शिकायतों की अनदेखी करने जैसी शिकायतें सामने आती हैं। ऐसे मामलों को देखते हुए इस बार नए सत्र से पहले ही प्रशासन ने स्कूल प्रबंधन को नियमों का सख्ती से पालन करने की चेतावनी दी है।
सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य बच्चों का भविष्य संवारना है, न कि अभिभावकों पर आर्थिक बोझ बढ़ाना। इसलिए किसी भी प्रकार की अनियमितता या दबाव की शिकायत मिलने पर प्रशासन तत्काल जांच कर कार्रवाई करेगा।
बैठक में शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने भी स्कूल प्रबंधकों को पारदर्शी व्यवस्था अपनाने और निर्धारित नियमों का पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही अभिभावकों से अपील की गई कि यदि उन्हें किसी भी प्रकार की अनियमितता या दबाव का सामना करना पड़ता है तो इसकी जानकारी प्रशासन या शिक्षा विभाग को दें, ताकि समय पर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
