हल्द्वानी- घरेलू विवाद के बाद पति ने पत्नी के सिर पर कर दिया वार, हालत नाजुक ICU में भर्ती
हल्द्वानी - गौलापार के देवला तल्ला पजाया में गुरुवार दोपहर घरेलू विवाद के बाद एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के सिर पर फावड़े के डंडे से कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से महिला लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गई और अचेत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने पति को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार देवला तल्ला पजाया निवासी 56 वर्षीय महेंद्र सिंह रावत खेतीबाड़ी करता है। गुरुवार दोपहर किसी बात को लेकर उसका 45 वर्षीय पत्नी नीलम रावत से विवाद हो गया। आरोप है कि कहासुनी बढ़ने पर दोनों ने घर में रखे सामान उठा लिए। इसी दौरान महेंद्र ने फावड़े के डंडे से नीलम के सिर पर कई वार कर दिए। सिर में गंभीर चोट लगने से नीलम जमीन पर गिर गई और उसके सिर से खून बहने लगा।
घटना की सूचना महेंद्र ने खुद 112 हेल्पलाइन पर दी। सूचना पर काठगोदाम पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को डा. सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद परिजन उसे शहर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां महिला को आईसीयू में भर्ती कराया गया है। चिकित्सा अधीक्षक डा. अरुण जोशी के अनुसार महिला की हालत नाजुक होने के कारण उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है।
बताया गया कि महेंद्र की यह दूसरी शादी है। पहली पत्नी से उसके दो और नीलम से एक बच्चा है। तीनों बच्चे अलग-अलग रहते हैं। पुलिस ने पति को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। कोतवाल काठगोदाम जसवीर सिंह चौहान ने बताया कि घटना के कारणों और विवाद की जानकारी जुटाई जा रही है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा।



