हल्द्वानी - सुशीला तिवारी अस्पताल के बाहर से बाइक चोरी करने वाला गिरोह बेनकाब, नेपाल में बेचते थे, दो शातिर गिरफ्तार

 | 
हल्द्वानी - सुशीला तिवारी अस्पताल के बाहर से बाइक चोरी करने वाला गिरोह बेनकाब, नेपाल में बेचते थे, दो शातिर गिरफ्तार

हल्द्वानी - शहर में बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं के बीच पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल के बाहर से बाइक चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी ऊधमसिंह नगर जिले के निवासी हैं और हल्द्वानी में रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस के मुताबिक, एक मई को हल्दूचौड़ निवासी विशांत टम्टा ने कोतवाली हल्द्वानी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी बजाज पल्सर बाइक 29 अप्रैल को अस्पताल गेट के सामने से चोरी हो गई। इस पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग - 
जांच के दौरान पुलिस टीम ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में दो संदिग्ध स्कूटी पर आते दिखाई दिए, जिनमें से एक ने बाइक का लॉक तोड़कर उसे चोरी कर लिया। तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने तीन मई को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दलवीर सिंह (55) निवासी नानकमत्ता और संजय कालरा (38) निवासी रुद्रपुर के रूप में हुई है।

नेपाल में बेचते थे चोरी की बाइक - 
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे चोरी की गई बाइकों को नेपाल में ले जाकर बेच देते थे। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने एक और चोरी की मोटरसाइकिल (बुलेट) बनभूलपुरा क्षेत्र से बरामद की है, जो पहले से चोरी के मामले में दर्ज थी। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक रोहताश सिंह सागर सहित पुलिस टीम के कई सदस्यों की अहम भूमिका रही। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

WhatsApp Group Join Now