हल्द्वानी - IPL में रोज लाखों का सट्टा लगाने वाले गैंग का हुआ भंडाफोड़, दो सगे भाई समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
हल्द्वानी - आईपीएल क्रिकेट मैचों पर सट्टा लगाने वाले एक बड़े गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मुखानी पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई में इस नेटवर्क से जुड़े 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो सगे भाई भी शामिल हैं। एसपी सिटी मनोज कत्याल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते हुए बताया कि यह गिरोह ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीकों से आईपीएल मैचों पर सट्टा संचालित कर रहा था। पकड़े गए आरोपियों की पहचान रवि गुप्ता, रोहित गुप्ता, मोहित प्रसाद सहित अन्य के रूप में हुई है, जो हल्द्वानी के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
पुलिस जांच में सामने आया है कि यह गिरोह रोजाना लगभग 7 से 8 लाख रुपये का सट्टा लगवा रहा था। अब तक इनके जरिए करीब 3 करोड़ 50 लाख रुपये के सट्टा कारोबार का अनुमान है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 6 मोबाइल फोन, एक रजिस्टर और 51 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
