हल्द्वानी - खरगे रैली विवाद से राहुल गांधी पर FIR तक, मंजूनाथ टीसी के कार्यकाल में कई बार गरमाया हल्द्वानी
 

13 महीने बाद बदली नैनीताल जिले की पुलिस कप्तानी, अर्पण यदुवंशी बने नए एसएसपी; राजनीतिक विवादों से लेकर बड़े आपराधिक मामलों तक चर्चा में रहा मंजूनाथ टीसी का कार्यकाल
 
 | 
हल्द्वानी - खरगे रैली विवाद से राहुल गांधी पर FIR तक, मंजूनाथ टीसी के कार्यकाल में कई बार गरमाया हल्द्वानी

हल्द्वानी - नैनीताल जिले की पुलिस कप्तानी में बदलाव हो गया है। करीब 13 महीने तक जिले की कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालने वाले एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी का तबादला कर उन्हें 31वीं वाहिनी पीएसी रुद्रपुर का सेनानायक बनाया गया है। वहीं, एसडीआरएफ के सेनानायक रहे अर्पण यदुवंशी को नैनीताल जिले का नया एसएसपी नियुक्त किया गया है।

डॉ. मंजूनाथ टीसी का कार्यकाल केवल अपराध नियंत्रण और पुलिस कार्रवाई तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इस दौरान हल्द्वानी कई राजनीतिक और संवेदनशील घटनाक्रमों को लेकर भी सुर्खियों में रहा। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा से पहले हुआ विवाद हो या सभा के बाद उठा कथित शुद्धीकरण का मुद्दा, इन घटनाओं ने जिले की पुलिस को प्रदेश ही नहीं, राष्ट्रीय स्तर पर भी चर्चा में ला दिया। इसी दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ हल्द्वानी कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज होने का मामला भी सामने आया।

खरगे की रैली से पहले एसएसपी कार्यालय में हंगामा - 
आठ अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा आयोजित हुई थी। जनसभा से पहले ही शहर का राजनीतिक माहौल गरमा गया था। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता एसएसपी कार्यालय पहुंच गए थे। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया था कि रैली में शामिल होने आ रहे कार्यकर्ताओं और लोगों के वाहनों को जगह-जगह रोका जा रहा है। इस दौरान एसएसपी कार्यालय में तीखी नोकझोंक और हंगामे की स्थिति बन गई थी।

सभा के बाद शुद्धीकरण विवाद और राहुल गांधी पर FIR - 
खरगे की जनसभा के बाद रामलीला मैदान एक बार फिर विवादों में आ गया। मैदान में सफाई और धार्मिक अनुष्ठान किए जाने को लेकर कांग्रेस ने इसे कथित शुद्धीकरण बताते हुए दलित समाज के अपमान का मुद्दा उठाया। मामला धीरे-धीरे राजनीतिक तकरार में बदल गया। विवाद ने उस समय और तूल पकड़ लिया, जब हल्द्वानी कोतवाली में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। इस घटनाक्रम ने हल्द्वानी को राष्ट्रीय राजनीतिक चर्चा के केंद्र में ला दिया।

बड़े आपराधिक मामलों ने भी पुलिस को दी चुनौती - 
मंजूनाथ टीसी के कार्यकाल में हल्द्वानी और आसपास के क्षेत्रों में कई बड़ी आपराधिक घटनाएं भी सामने आईं। इनमें सुखवंत हत्याकांड, गल्ला मंडी का दोहरा हत्याकांड और नेपाल के गिरोह की ओर से ज्वेलरी शोरूम में की गई बड़ी चोरी प्रमुख रहीं। इसके अलावा एक यू-ट्यूबर के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने का मामला भी चर्चा में रहा। इन घटनाओं के बीच पुलिस ने कई मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए खुलासे किए और आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।

करीब एक साल और 27 दिन तक नैनीताल जिले की पुलिस कप्तानी संभालने के बाद अब डॉ. मंजूनाथ टीसी की विदाई हो रही है। उनके कार्यकाल में जहां कई बड़े आपराधिक मामलों की जांच और कार्रवाई चर्चा में रही, वहीं राजनीतिक आयोजनों के दौरान कानून-व्यवस्था संभालना भी पुलिस के लिए चुनौती बना रहा।

नए एसएसपी के सामने होंगी कई चुनौतियां - 
अब नैनीताल जिले की कमान अर्पण यदुवंशी के हाथों में होगी। पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण नैनीताल जिले में नए एसएसपी के सामने चुनौतियां भी कम नहीं हैं। हल्द्वानी में बढ़ता यातायात दबाव, पर्यटन सीजन में जाम की समस्या, नशे के कारोबार पर अंकुश, संगठित अपराध पर नियंत्रण और बढ़ती आपराधिक घटनाओं की रोकथाम उनकी प्राथमिकता में शामिल रहेंगी। इसके साथ ही संवेदनशील राजनीतिक आयोजनों और कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों को संभालना भी उनके लिए बड़ी परीक्षा होगी। अब देखना होगा कि नए पुलिस कप्तान इन चुनौतियों से निपटने के लिए किस तरह की रणनीति अपनाते हैं।

WhatsApp Group Join Now