हल्द्वानी - पाल कॉलेज में फ्रेशर डे की धूम: रैंप वॉक, रैप और कुमाऊँनी गीतों पर झूमे छात्र

 | 
हल्द्वानी - पाल कॉलेज में फ्रेशर डे की धूम: रैंप वॉक, रैप और कुमाऊँनी गीतों पर झूमे छात्र

हल्द्वानी - पाल कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी एण्ड मैनेजमेंट में 25 सितंबर 2026 को फ्रेशर डे का भव्य आयोजन प्रातः 10:00 बजे से हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने रैंप वॉक, टैलेंट राउंड, सांस्कृतिक नृत्य सहित विभिन्न मनोरंजक एवं रोमांचक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।


कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक रूप से सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके पश्चात पाल कॉलेज ऑफ टेक्नोलॉजी एण्ड मैनेजमेंट के चेयरमैन नारायण पाल, सचिव कामिनी पाल, एम.डी. निर्भय पाल, सीईओ अतुल पाल एवं निदेशक मंडल सदस्य शिवांगी पाल, समस्त विभागाध्यक्षों तथा कॉलेज के प्राध्यापक एवं कर्मचारीगण द्वारा दीप प्रज्वलित कर नए विद्यार्थियों का संस्थान में स्वागत किया गया।


इस अवसर पर चेयरमैन नारायण पाल ने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों के शैक्षिक, सांस्कृतिक एवं व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में आने वाली चुनौतियों और संघर्षों का दृढ़ता से सामना करते हुए निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में कॉलेज के विभिन्न विभागों, जिनमें होटल प्रबंधन, बायोटेक्नोलॉजी, बी.बी.ए., बी.सी.ए. एवं बी.एड. के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।


फ्रेशर डे के विभिन्न प्रतियोगितात्मक राउंड में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में मिस्टर फ्रेशर – कमल कांत जोशी (बी.एड.), मिस फ्रेशर – कशिश (बी.सी.ए.), मिस्टर अटायर – यमन सिंह (डी.एच.एम.), मिस अटायर – भूमिका जोशी (बायोटेक), मिस्टर टैलेंट – आदित्य नंद (बी.एच.एम.) तथा मिस टैलेंट – जयश्री चौहान (बी.एड.) चुने गए।

कार्यक्रम के सांस्कृतिक सत्र में प्रसिद्ध कलाकार तरुण बिष्ट एवं उनकी टीम ने अपनी ऊर्जावान प्रस्तुति से पूरे माहौल को रोमांचित कर दिया। उनके पहाड़ी संगीत, रैप प्रस्तुतियों एवं शानदार मंचीय प्रदर्शन ने विद्यार्थियों को झूमने पर मजबूर कर दिया। विद्यार्थियों ने उनकी प्रस्तुतियों का भरपूर आनंद लिया और पूरे उत्साह के साथ नृत्य कर कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रसिद्ध कुमाऊँनी गायक गोविंद डिगारी, खुशी डिगारी एवं उनकी टीम ने अपनी शानदार संगीतमय प्रस्तुति से समां बांध दिया। उनके मनमोहक कुमाऊँनी गीतों एवं शानदार प्रस्तुतियों पर विद्यार्थियों ने जमकर आनंद लिया और उत्साहपूर्वक नृत्य किया। गोविंद डिगारी, खुशी डिगारी एवं उनकी टीम की प्रस्तुति ने फ्रेशर डे के आयोजन को और भी भव्य एवं यादगार बना दिया।


सम्पूर्ण कार्यक्रम उत्साह, उमंग एवं उल्लास से भरपूर रहा तथा नए विद्यार्थियों के लिए यह दिन कॉलेज जीवन की एक सुखद और यादगार शुरुआत के रूप में दर्ज हुआ।

WhatsApp Group Join Now