हल्द्वानी - तीनपानी फ्लाईओवर में स्कॉर्पियो की टक्कर से चार युवकों की मौत, इस कान्वेंट स्कूल का निदेशक और चालक हिरासत में

 | 
हल्द्वानी - तीनपानी फ्लाईओवर में स्कॉर्पियो की टक्कर से चार युवकों की मौत, इस कान्वेंट स्कूल का निदेशक और चालक हिरासत में

हल्द्वानी - तीनपानी-लालकुआं बाईपास फ्लाईओवर पर शनिवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की चपेट में आने से तीन युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक ने उपचार के दौरान डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल के आईसीयू में अंतिम सांस ली। हादसे के बाद पुलिस ने स्कॉर्पियो में सवार एक कॉन्वेंट स्कूल संचालक और वाहन चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार शनिवार रात करीब 10 बजे फ्लाईओवर पर दुर्घटना की सूचना मिली। मौके पर 17 वर्षीय राहुल राजपूत पुत्र किशन पाल निवासी गोरापड़ाव हाथीखाल, 25 वर्षीय शिवम पुत्र बाबूराम निवासी गोरापड़ाव, 20 वर्षीय अंशु आर्य पुत्र पंकज आर्य निवासी बेरीपड़ाव तथा 18 वर्षीय आदित्य टम्टा निवासी गोरापड़ाव घायल अवस्था में मिले। घटनास्थल के पास एक स्कूटी भी क्षतिग्रस्त हालत में पड़ी थी।

चारों घायलों को तत्काल डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने राहुल, शिवम और अंशु को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल आदित्य टम्टा को आईसीयू में भर्ती कराया गया, लेकिन देर रात करीब एक बजे उसकी भी मौत हो गई। बताया गया कि आदित्य कालाढूंगी थाने में तैनात एसआई महेंद्र प्रसाद के चचेरे भाई का पुत्र था।

एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। फ्लाईओवर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हादसे की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।

पुलिस जांच में सामने आया है कि जिस स्कॉर्पियो से हादसा हुआ, उसकी पिछली सीट पर नैनीताल के ज्योलीकोट स्थित एक कॉन्वेंट स्कूल के निदेशक सवार थे, जबकि वाहन उनका चालक चला रहा था। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

WhatsApp Group Join Now