हल्द्वानी - कार में बंधक बनाकर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने वाले चार गिरफ्तार, मैग्नाइट कार भी ली कब्जे में 

 | 
हल्द्वानी - कार में बंधक बनाकर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने वाले चार गिरफ्तार, मैग्नाइट कार भी ली कब्जे में 

 

लालकुआं - दो युवकों को कार में बैठाकर जंगल में ले जाने, बंधक बनाकर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में लालकुआं पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार 15 अगस्त 2026 को दीपक सिंह बिष्ट निवासी बकुलिया किशनपुर सकुलिया, मोटाहल्दू की तहरीर पर थाना लालकुआं में मुकदमा दर्ज किया गया था। 


आरोप है कि कुछ लोगों ने वादी दीपक सिंह बिष्ट और उसके साथी अनिरुद्ध बिष्ट निवासी बकुलिया मोतीनगर को कार में बैठाया और जंगल में ले जाकर बंधक बना लिया। इसके बाद दोनों के साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, पुलिस उपाधीक्षक लालकुआं विमल प्रसाद और प्रभारी निरीक्षक लालकुआं बृजमोहन राणा के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी।

चार आरोपित गिरफ्तार - 
पुलिस ने 19 अगस्त को मामले में नामजद चार आरोपितों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बलवंत सिंह बिष्ट उर्फ गुड्डू, कमल सिंह बिष्ट उर्फ सोमी, दीपक जोशी और मोहित कुमार के रूप में हुई है। सभी आरोपित लालकुआं क्षेत्र के रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस ने आरोपितों से पूछताछ के बाद घटना में इस्तेमाल की गई सफेद रंग की निसान मैग्नाइट कार (UK04AK-1293) को भी कब्जे में ले लिया है।

 

पुलिस के अनुसार इसी वाहन का इस्तेमाल दोनों युवकों को बंधक बनाकर ले जाने में किया गया था। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की विवेचना जारी है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में चौकी प्रभारी हल्दूचौड़ उपनिरीक्षक अर्जुन गिरी, कांस्टेबल गणेश गिरी और कांस्टेबल गुरमेज सिंह शामिल रहे।

WhatsApp Group Join Now