हल्द्वानी - त्योहारी सीजन में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, पनीर-मिठाइयों के नमूने लिए, मिलावट खोरों को चेतावनी
हल्द्वानी - रक्षाबंधन और जन्माष्टमी पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने सोमवार को हल्द्वानी के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण अभियान चलाया। अभियान का उद्देश्य मिलावटखोरी पर प्रभावी रोकथाम के साथ आम लोगों को सुरक्षित, शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ एवं मिठाइयां उपलब्ध कराना रहा।
मुख्यमंत्री के आदेश तथा खाद्य सुरक्षा आयुक्त, उत्तराखंड और जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देशों के क्रम में विभागीय टीम ने विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान पनीर, बताशा/बतीसा, पेड़ा और रसगुल्ला के नमूने नियमानुसार संग्रहित किए गए। इन नमूनों को खाद्य विश्लेषक के माध्यम से जांच के लिए भेजा जाएगा। निरीक्षण के दौरान एक प्रतिष्ठान में खाद्य स्वच्छता और साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिली। इस पर संबंधित खाद्य कारोबारकर्ता को नोटिस जारी करते हुए आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि त्योहारी सीजन में मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा संबंधित नियमों और विनियमों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अभियान में सहायक आयुक्त/अभिहित अधिकारी नैनीताल अजब सिंह रावत, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी हल्द्वानी/नैनीताल सर्किल अभय कुमार सिंह सहित खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम शामिल रही।



