हल्द्वानी - कार सर्विस सेंटर में लगी भीषण आग, इतने लाख की नकदी समेत फर्नीचर जलकर राख
हल्द्वानी - शहर में रविवार दोपहर कालाढूंगी रोड स्थित ऊंचा पुल के पास एक कार सर्विस सेंटर में भीषण आग लगने से अफरातफरी मच गई। आग सर्विस सेंटर के स्पेयर पार्ट्स स्टोर से शुरू हुई और देखते ही देखते पब्लिक लाउंज व बिलिंग काउंटर तक फैल गई। अग्निकांड में सेंटर के अंदर रखा सोफा, फर्नीचर और अन्य सामान जलकर राख हो गया। वहीं, बिलिंग काउंटर पर रखी करीब डेढ़ लाख रुपये की नकदी भी आग की चपेट में आ गई।
जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब एक बजे कार सर्विस सेंटर से अचानक धुआं उठने लगा। कुछ ही देर में आग की लपटें दिखाई देने लगीं और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। सेंटर के अंदर आग फैलती देख कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। आग ने सर्विस सेंटर के कई हिस्सों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वहां रखा सामान जलकर नष्ट हो गया।
दो वाटर टेंडर के साथ पहुंची दमकल टीम -
अग्निकांड की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और मुखानी थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। आग की गंभीरता को देखते हुए अग्निशमन विभाग ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल किरार ने बताया कि आग बुझाने के लिए दो वाटर टेंडर के साथ दमकल कर्मियों को घटनास्थल पर भेजा गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने की कार्रवाई शुरू की।
डेढ़ लाख रुपये की नकदी भी आग की भेंट चढ़ी -
सर्विस सेंटर संचालक विजय कुमार के अनुसार, आग में सेंटर के भीतर रखा सोफा, फर्नीचर और अन्य सामान जल गया। इसके अलावा बिलिंग काउंटर पर रखी करीब 1.50 लाख रुपये की नकदी भी आग की चपेट में आकर जल गई। अग्निकांड से सर्विस सेंटर को काफी आर्थिक नुकसान हुआ है।
आग लगने के कारणों की जांच -
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। अग्निशमन विभाग की ओर से नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है। घटना के चलते आसपास के क्षेत्र में भी कुछ समय तक अफरातफरी का माहौल बना रहा। दमकल विभाग की तत्परता से आग बुझाने का अभियान चलाया गया।


