उत्तराखंड - फरार एनडीपीएस आरोपी नाजिम को शरण देने वाला फरजंद अली गिरफ्तार, पुलिस टीम पर किया था हमला 
 

 | 
उत्तराखंड - फरार एनडीपीएस आरोपी नाजिम को शरण देने वाला फरजंद अली गिरफ्तार, पुलिस टीम पर किया था हमला 

उत्तराखंड - रुद्रपुर कोतवाली पुलिस ने पुलिस टीम पर हमले और एनडीपीएस मामले में फरार चल रहे आरोपी को शरण देने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी के मोहल्ले में हड़कंप मच गया। पुलिस टीम पर हमला 1 फरवरी को हुआ था। पुलिस के अनुसार, उधम सिंह नगर की रुद्रपुर कोतवाली पुलिस बीते कई दिनों से एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामले में फरार आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान सूचना मिली कि रामपुर जनपद के थाना अजीमनगर क्षेत्र के रतनपुरा सुभाली निवासी फरजंद अली उर्फ नन्हे पुत्र कल्लन ने एक फरार आरोपी को अपने यहां शरण दे रखी है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस ने दबिश देकर फरजंद अली को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस टीम पर हुआ था जानलेवा पथराव - 
गौरतलब है कि 1 फरवरी 2026 को एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की टीम निरीक्षक राजेश पाण्डेय के नेतृत्व में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग तथा नशा विरोधी अभियान के तहत बाजार चौकी क्षेत्र की सुभाष कॉलोनी पहुंची थी। इस दौरान एक गली में संदिग्ध गतिविधियां दिखाई देने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची।

पुलिस को देखकर कुछ लोग भागने लगे। पीछा करने पर नाजिम उर्फ नदीम नामक व्यक्ति काली पन्नी फेंककर फरार हो गया। इसी बीच वहां मौजूद महिलाओं और अन्य आरोपियों ने पुलिस टीम पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। पथराव में हेड कांस्टेबल भुवन पाण्डेय गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

63.38 ग्राम स्मैक बरामद, महिला गिरफ्तार - 
घटना स्थल से पुलिस ने हसीना (28 वर्ष) पत्नी इलियास, निवासी वार्ड 29 सुभाष कॉलोनी को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से 63.38 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में हसीना ने बताया कि स्मैक उसका देवर नाजिम लाता था। इस मामले में नाजिम उर्फ नदीम, शाहरुख, इरशाद उर्फ दाऊद उर्फ शद्दा, सूरज, अनमोल समेत कई अन्य आरोपी फरार चल रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

सीओ बोले—कानून से खिलवाड़ करने वालों को नहीं बख्शेंगे - 
सीओ सिटी प्रशांत कुमार ने कहा कि पुलिस टीम पर हमला करने वाले आरोपियों और उन्हें संरक्षण देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी है और मामले के अन्य पहलुओं की भी गहन जांच की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी फरजंद अली को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने साफ किया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

WhatsApp Group Join Now