हल्द्वानी - कर्मचारियों का पीएफ हड़पने पर ईपीएफओ सख्त, तीन क्रशर स्वामियों के खिलाफ जमानती वारंट जारी
हल्द्वानी - कर्मचारियों के भविष्य निधि (पीएफ) की राशि समय पर जमा न करने वाले नियोक्ताओं पर कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) ने कार्रवाई तेज कर दी है। ईपीएफओ ने बागेश्वर के तीन स्टोन क्रशर स्वामियों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने के लिए उनके खिलाफ जमानती वारंट (बेलेबल वारंट) जारी कर संबंधित जिलों की पुलिस को तामील कराने के निर्देश दिए हैं। वहीं एक अन्य औद्योगिक प्रतिष्ठान के स्वामी को भी सम्मन जारी किया गया है।
ईपीएफओ के सहायक आयुक्त दयानिधि वत्स ने बताया कि श्रमिकों की शिकायत पर जांच में सामने आया कि मां नंदा स्टोन क्रशर, बाबा जी स्टोन क्रशर और बैजनाथ स्टोन क्रशर अपने कर्मचारियों के पीएफ की कटौती तो कर रहे थे, लेकिन राशि ईपीएफओ में जमा नहीं कर रहे थे। इस संबंध में संबंधित स्वामियों दीपक लाल साह, संजीव वर्मा और राजेश पंत को कई बार सम्मन भेजे गए। साथ ही कंपनी की ई-मेल आईडी पर भी आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। बार-बार नोटिस के बावजूद उपस्थित न होने पर ईपीएफओ ने अब संबंधित पुलिस अधीक्षकों को पत्र भेजकर तीनों स्वामियों के खिलाफ जारी जमानती वारंट तामील कराने और उन्हें ईपीएफओ कार्यालय में पेश कराने को कहा है।
अन्य प्रतिष्ठानों को भी नोटिस -
ईपीएफओ ने महालक्ष्मी इंडस्ट्रीज के स्वामी को भी सम्मन जारी किया है। इसके अलावा होटल सौरभ के स्वामी और होटल को लीज पर संचालित करने वाले नियोक्ताओं को भी नोटिस भेजे गए हैं। विभाग के अनुसार ये प्रतिष्ठान भी कर्मचारियों का पीएफ काटने के बावजूद उसे ईपीएफओ में जमा नहीं कर रहे हैं, जिससे कर्मचारियों के भविष्य निधि खाते प्रभावित हो रहे हैं।
क्या होता है जमानती वारंट?
जमानती (बेलेबल) वारंट के तहत पुलिस संबंधित व्यक्ति को गिरफ्तार कर जमानत पर रिहा कर सकती है, लेकिन उसे निर्धारित तिथि पर संबंधित प्राधिकरण या न्यायालय के समक्ष उपस्थित होना अनिवार्य होता है। यदि इसके बाद भी व्यक्ति उपस्थित नहीं होता है, तो उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया जा सकता है।
सहायक आयुक्त ईपीएफओ हल्द्वानी, दयानिधि वत्स ने कहा कि पीएफ जमा न होने से कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति और अन्य सामाजिक सुरक्षा लाभों में आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है। उन्होंने सभी नियोक्ताओं से कर्मचारियों की पीएफ राशि समय पर जमा करने की अपील करते हुए चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
