हल्द्वानी - एसटीएच में जिलाधिकारी रयाल का छापा, फटे बेड और गंदगी देख भड़के DM, मरीजों ने बताईं अव्यवस्थाएं
हल्द्वानी - कुमाऊं के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल सुशीला तिवारी राजकीय मेडिकल कॉलेज (एसटीएच) में लगातार मिल रही अव्यवस्थाओं की शिकायतों के बाद जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल ने गुरुवार को औचक निरीक्षण किया। डीएम के अचानक अस्पताल पहुंचने से स्वास्थ्य विभाग और अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में गंदगी, रैन बसेरे की बदहाल व्यवस्था और मरीजों के बेड की खराब स्थिति देखकर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई।
जिलाधिकारी ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर मरीजों से सीधे बातचीत की और उन्हें मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। सर्जरी वार्ड में निरीक्षण के दौरान मरीजों के लिए लगाए गए बेड की हालत बेहद खराब मिली। कई बेड पर बिछे गद्दे और कवर फटे हुए थे। इस पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए अस्पताल प्रशासन को तत्काल बेड दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में भर्ती मरीजों को बेहतर और सम्मानजनक सुविधाएं मिलनी चाहिए।
बाहर से दवाइयां लिखने की शिकायत पर सख्ती -
निरीक्षण के दौरान मरीजों को अस्पताल से बाहर की दवाइयां लिखे जाने की शिकायत भी जिलाधिकारी के सामने आई। इस पर उन्होंने अस्पताल प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए कि अस्पताल में उपलब्ध दवाइयों और संसाधनों का मरीजों को पूरा लाभ मिलना चाहिए। मरीजों को अनावश्यक रूप से बाहर से दवाइयां खरीदने के लिए मजबूर नहीं किया जाना चाहिए। अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं का बेहतर इस्तेमाल सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
रैन बसेरे और सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश -
अस्पताल परिसर और रैन बसेरे की स्थिति देखकर डीएम ने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं तत्काल सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल में नियमित साफ-सफाई, मरीजों और तीमारदारों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा वार्डों में जरूरी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने को कहा।
निरीक्षण के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट और सुशीला तिवारी अस्पताल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट (एमएस) भी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही और व्यवस्थाओं की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।





