देहरादून - राज्य खाद्य योजना के तहत चार साल बाद लाखों परिवारों को फिर मिलेगा गेहूं, जानिए कितना मिलता है राशन
देहरादून - सरकारी राशन की दुकानों से राज्य खाद्य योजना के अंतर्गत लाभार्थी परिवारों को इस माह से फिर से गेहूं और चावल दोनों मिलने लगेंगे। योजना के तहत साढ़े नौ लाख परिवारों को प्रति माह पांच किलो गेहूं और ढाई किलो चावल दिया जाएगा। पिछले लगभग चार वर्षों से गेहूं की कमी के कारण इन परिवारों को साढ़े सात किलो राशन में गेहूं के स्थान पर केवल चावल दिया जा रहा था।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के अनुसार, राज्य खाद्य योजना के तहत प्रति परिवार साढ़े सात किलो राशन का प्रावधान है, जिसमें पहले पांच किलो गेहूं और ढाई किलो चावल शामिल थे। अपर निदेशक पीएस पांगती ने बताया कि गेहूं की उपलब्धता सुनिश्चित होने के बाद इस महीने से पात्र परिवारों को दोबारा गेहूं का वितरण शुरू कर दिया गया है। विभाग की अन्य योजनाओं में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
जिलों में देरी से पहुंचा राशन -
प्रदेश के कई जिलों में इस माह राशन देरी से पहुंचने के कारण राशन कार्ड धारकों को असुविधा का सामना करना पड़ा। इस पर विभाग ने स्पष्ट किया कि फोर्टिफाइड चावल की आपूर्ति प्रक्रिया में विलंब होने के कारण कुछ जिलों में वितरण प्रभावित हुआ। अपर निदेशक पीएस पांगती के अनुसार, बुधवार तक प्रदेश के सभी जिलों में शत-प्रतिशत राशन की आपूर्ति सुनिश्चित कर दी जाएगी।
