देहरादून - उत्तराखंड में कल से शुरू होगा क्रिकेट का महाकुंभ, लोक संस्कृति और बॉलीवुड का संगम, वाणी कपूर बांधेंगी समा

 | 
देहरादून - उत्तराखंड में कल से शुरू होगा क्रिकेट का महाकुंभ, लोक संस्कृति और बॉलीवुड का संगम, वाणी कपूर बांधेंगी समा

देहरादून - क्रिकेट का रोमांच, बॉलीवुड का ग्लैमर और उत्तराखंड की लोक संस्कृति का रंग सोमवार से देहरादून में एक साथ नजर आएगा। रायपुर स्थित राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में उत्तराखंड प्रीमियर लीग (यूपीएल) के तीसरे सीजन का भव्य उद्घाटन होगा। उद्घाटन समारोह में बॉलीवुड अभिनेत्री वाणी कपूर मुख्य आकर्षण रहेंगी। इसके साथ ही प्रदेश के चर्चित लोक गायक अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।

एक अक्टूबर तक चलने वाली इस लीग में महिला और पुरुष वर्ग की कुल 11 टीमें खिताब के लिए मैदान में उतरेंगी। टूर्नामेंट की शुरुआत सोमवार को महिला वर्ग के मुकाबलों से होगी, जबकि पुरुष वर्ग के मुकाबले मंगलवार से शुरू होंगे। लीग के दौरान प्रतिदिन दो मुकाबले खेले जाएंगे। महिला वर्ग का फाइनल 24 सितंबर और पुरुष वर्ग का खिताबी मुकाबला एक अक्टूबर को होगा।

पहले दिन महिला वर्ग में सुबह 11 बजे पिथौरागढ़ हरिकेन्स और देहरादून वॉरियर्स के बीच मुकाबला होगा। इसके बाद दोपहर तीन बजे बागेश्वर एरियल और मसूरी क्वींस आमने-सामने होंगी। महिला वर्ग में चार टीमें खिताब के लिए जोर लगाएंगी। मसूरी क्वींस की कप्तानी नंदिनी कश्यप, बागेश्वर एरियल की प्रेमा रावत, पिथौरागढ़ हरिकेन्स की राघवी बिष्ट और देहरादून वॉरियर्स की श्वेता वर्मा करेंगी।

पुरुष वर्ग का पहला मुकाबला मंगलवार शाम 7:30 बजे हरिद्वार एल्मास और नैनीताल टाइगर्स के बीच खेला जाएगा। इसके बाद बुधवार को पिथौरागढ़ हरिकेन्स और टिहरी टाइटन्स के बीच मुकाबला होगा। पिथौरागढ़ की टीम में आइकन खिलाड़ी मयंक मिश्रा, जबकि टिहरी टाइटन्स में तेजस्वी जायसवाल शामिल हैं।

लोक संस्कृति और बॉलीवुड का संगम - 
यूपीएल के उद्घाटन समारोह में उत्तराखंड की लोक संस्कृति की झलक भी देखने को मिलेगी। गढ़वाल से करिश्मा शाह और रुहान भारद्वाज, कुमाऊं से इंदर आर्य, जौनपुर से मंजू नौटियाल तथा जौनसार से अज्जू तोमर और अजय चौहान प्रस्तुति देंगे। वाणी कपूर की मौजूदगी समारोह में बॉलीवुड का रंग जोड़ेगी।

लीग के आयोजकों की ओर से क्रिकेट मुकाबलों के साथ दर्शकों के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। ऐसे में यूपीएल के तीसरे सीजन में क्रिकेट के साथ उत्तराखंड की लोक संस्कृति और मनोरंजन का भी रंग देखने को मिलेगा। 

WhatsApp Group Join Now