देहरादून - पुलिस स्मृति दिवस पर सीएम धामी की बड़ी घोषणाएं, 1600 पदों पर जल्द शुरू होगी भर्ती प्रक्रिया, पढ़िए अन्य फैसले 

 | 
देहरादून - पुलिस स्मृति दिवस पर सीएम धामी की बड़ी घोषणाएं, 1600 पदों पर जल्द शुरू होगी भर्ती प्रक्रिया, पढ़िए अन्य फैसले 

देहरादून - पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर बुधवार को देहरादून स्थित पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुलिस और अर्धसैनिक बलों के शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने शहीदों के सम्मान में पुष्पचक्र अर्पित किए और उनके परिजनों को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने उत्तराखंड पुलिस के जवानों के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की विभिन्न वर्दीधारी पुलिस इकाइयों में खाली पड़े 1600 पदों को भरने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने थानों और चौकियों में कर्मचारियों की संख्या और व्यवस्थाओं की समीक्षा करने, पुलिस विवेचकों को आधुनिक जांच सुविधाएं उपलब्ध कराने और थानों को मिलने वाले वार्षिक बजट को बढ़ाने की घोषणा की। इसके अलावा देहरादून में पुलिसकर्मियों के लिए ट्रांजिट हॉस्टल और मल्टी स्टोरेज बैरक का निर्माण किया जाएगा। पुलिस अस्पताल को भी अपग्रेड किया जाएगा, ताकि जवानों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

ड्यूटी के दौरान 154 जवानों ने दिया बलिदान - 
पुलिस स्मृति दिवस पर मुख्यमंत्री धामी ने देश की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के दौरान अपने प्राण न्यौछावर करने वाले पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों को नमन किया। उन्होंने कहा कि पिछले एक साल में देशभर में पुलिस और अर्धसैनिक बलों के 154 जवानों ने कर्तव्य निभाते हुए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है। इनमें उत्तराखंड के तीन जवान भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद जवानों का त्याग, साहस और समर्पण सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। एक शहीद केवल अपने परिवार का नहीं, बल्कि पूरे देश का गौरव होता है। देश की सुरक्षा के लिए दिया गया उनका बलिदान हमेशा अमर रहेगा और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देता रहेगा।

पुलिस के लिए बढ़ेंगी जांच और बुनियादी सुविधाएं - 
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में पुलिस की जिम्मेदारियां अधिक चुनौतीपूर्ण हैं। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों, प्राकृतिक आपदाओं और चीन व नेपाल से लगी अंतरराष्ट्रीय सीमाओं के कारण पुलिस को कई स्तरों पर काम करना पड़ता है। उत्तर प्रदेश और हिमाचल प्रदेश से लगी सीमाओं के मद्देनजर भी कानून व्यवस्था बनाए रखना महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ अपराधों की प्रकृति भी बदल रही है। अब पुलिस के सामने नशे के बढ़ते जाल और डिजिटल माध्यमों से होने वाले अपराधों जैसी चुनौतियां हैं। इनसे निपटने के लिए पुलिस विवेचकों को आधुनिक जांच सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही थानों को जरूरी कार्यों के लिए मिलने वाला वार्षिक बजट चार करोड़ रुपये से बढ़ाकर आठ करोड़ रुपये करने की घोषणा की गई।

 

पुलिस आवास और स्वास्थ्य सुविधाओं पर जोर -

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में पुलिस आवास संतुष्टि दर 18 प्रतिशत से बढ़कर 22 प्रतिशत हो गई है। सरकार का लक्ष्य इसे 30 प्रतिशत तक पहुंचाना है। इसके लिए चरणबद्ध तरीके से पुलिस आवासों की संख्या बढ़ाई जा रही है। पुलिसकर्मियों और उनके परिजनों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए जिला पुलिस चिकित्सालयों में उपचार सुविधाएं बेहतर की जा रही हैं। जवानों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा भी दी जा रही है। देहरादून स्थित पुलिस अस्पताल को अपग्रेड करने के साथ पुलिस मॉडर्न स्कूलों में आधुनिक शिक्षा व्यवस्था विकसित करने की भी घोषणा की गई।

785 पुलिसकर्मियों को मिला प्रमोशन - 
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिसकर्मियों की मेहनत और सेवा का उचित सम्मान सुनिश्चित करने के लिए इस वर्ष 785 पुलिसकर्मियों को पदोन्नति दी गई है। इसके अलावा नागरिक पुलिस में 1573 और पीएसी में 373 आरक्षियों की सीधी भर्ती की गई है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से जवानों के मानसिक स्वास्थ्य पर भी ध्यान देने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस की ड्यूटी में दबाव और तनाव अधिक रहता है। ऐसे में समय-समय पर तनाव प्रबंधन और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए, ताकि पुलिसकर्मी स्वस्थ रहते हुए अपनी जिम्मेदारियों का बेहतर ढंग से निर्वहन कर सकें।


सीएम धामी की प्रमुख घोषणाएं
- उत्तराखंड पुलिस की विभिन्न वर्दीधारी इकाइयों में रिक्त 1600 पदों को भरने की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी।
- पुलिस थानों और चौकियों में कर्मचारियों के पदों और व्यवस्थाओं की समीक्षा की जाएगी।
- पुलिस विवेचकों को आधुनिक और वैज्ञानिक जांच सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
- थानों का वार्षिक बजट चार करोड़ रुपये से बढ़ाकर आठ करोड़ रुपये किया जाएगा।
- प्रदेश के सभी पुलिस मॉडर्न स्कूलों को बेहतर बनाया जाएगा।
- देहरादून में पुलिसकर्मियों के लिए ट्रांजिट हॉस्टल बनाया जाएगा।
- पुलिस जवानों के लिए देहरादून में मल्टी स्टोरेज बैरक का निर्माण किया जाएगा।
- देहरादून स्थित पुलिस अस्पताल को अपग्रेड कर स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर की जाएंगी।

WhatsApp Group Join Now