हल्द्वानी - बनभूलपुरा से जुड़े पंजाब, तेलंगाना, केरल और तमिलनाडु में हुए साइबर ठगी के तार, पुलिस युवक के घर पहुंची
हल्द्वानी - साइबर ठग अब दूसरों के बैंक खातों का इस्तेमाल म्यूल अकाउंट के रूप में कर ठगी की रकम को खपाने लगे हैं। बनभूलपुरा पुलिस की जांच में सामने आए एक मामले में संदिग्ध बैंक खाते के तार पंजाब, तेलंगाना, केरल और तमिलनाडु में दर्ज साइबर ठगी की शिकायतों से जुड़े मिले हैं। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, साइबर सेल से मिले संदिग्ध बैंक खाते की जांच में पता चला कि एसबीआई की नवीन मंडी शाखा में संचालित खाता संख्या 44287928647 नाजिल पुत्र नन्हें, निवासी वार्ड नंबर 12, इंद्रानगर, बनभूलपुरा के नाम पर है। नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर इस खाते के खिलाफ चार शिकायतें दर्ज मिलीं।
जांच में पंजाब की शिकायत से जुड़े करीब 1.16 लाख रुपये, तेलंगाना की शिकायत से 32 हजार रुपये और तमिलनाडु की शिकायत से 85 हजार रुपये के लेनदेन का पता चला। वहीं, केरल की शिकायत से जुड़े 10-10 हजार रुपये के दो ट्रांजेक्शन भी खाते में मिले। इसके अलावा 15 हजार रुपये का एक लेनदेन होल्ड पाया गया।
बताए पते पर नहीं मिला खाताधारक -
जांच के दौरान बनभूलपुरा पुलिस टीम खाताधारक नाजिल के बताए पते पर पहुंची, लेकिन वह वहां नहीं मिला। पुलिस को प्रथम दृष्टया आशंका है कि बैंक खाते का इस्तेमाल साइबर धोखाधड़ी से हासिल रकम को प्राप्त करने और आगे खपाने के लिए किया गया। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया है। अब पुलिस खाते में हुए अन्य लेनदेन और इससे जुड़े लोगों की भूमिका की विस्तृत जांच कर रही है।
