Crime News - नैनीताल से लौट रही महिला को दोस्त ने चलती ट्रेन से यहां धक्का दिया, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
Crime News – नैनीताल घूमकर लौट रही एक महिला को उसके दोस्त ने चलती ट्रेन से धक्का दे दिया। घायल अवस्था में रुद्रपुर में रेलवे ट्रैक के पास मिली महिला को लोगों ने 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने घायल महिला के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शनिवार सुबह हल्दी–छतरपुर रेलवे ट्रैक के किनारे एक महिला घायल हालत में पड़ी मिली। स्थानीय लोगों की सूचना पर एंबुलेंस और पुलिस मौके पर पहुंची। अर्द्ध-बेहोशी की हालत में मिली महिला ने अपना नाम फरजाना, निवासी रुद्रपुर, बताया। उसने बताया कि उसके पति मोहम्मद अली की छह माह पहले मौत हो चुकी है।
फरजाना ने पुलिस को दिए प्रारंभिक बयान में बताया कि वह कुछ दिन पहले अपने एक दोस्त के साथ नैनीताल घूमने गई थी। शनिवार सुबह वह दोनों हल्द्वानी से ट्रेन में रुद्रपुर आ रहे थे। रुद्रपुर पहुंचने से पहले ही उसके दोस्त ने उसे चलती ट्रेन से नीचे धक्का दे दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। सीओ डी.आर. वर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। महिला की तहरीर मिलने के बाद आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया जाएगा।
