हल्द्वानी - देवभूमि में गणेश विसर्जन पर विवाद, इस प्रथा को बंद करने के लिए लोगों ने सीएम को सौंपा ज्ञापन, आंदोलन की चेतावनी

 | 
हल्द्वानी - देवभूमि में गणेश विसर्जन पर विवाद, इस प्रथा को बंद करने के लिए लोगों ने सीएम को सौंपा ज्ञापन, आंदोलन की चेतावनी

हल्द्वानी, 27 अगस्त – उत्तराखंड की सांस्कृतिक अस्मिता को लेकर आज एक नया विवाद सामने आया, जब ‘पहाड़ी आर्मी’ संगठन ने सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर राज्य में श्री गणेश मूर्ति विसर्जन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि मांग नहीं मानी गई, तो वह सड़कों पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी ज़िम्मेदारी राज्य सरकार और प्रशासन की होगी।

विसर्जन नहीं, स्थापना की भूमि है देवभूमि: पहाड़ी आर्मी
हल्द्वानी में सिटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन में पहाड़ी आर्मी ने तर्क दिया कि देवभूमि उत्तराखंड वह स्थान है जहाँ भगवान शिव, माता पार्वती और श्री गणेश स्वयं वास करते हैं। धार्मिक ग्रंथों व पुराणों में मूर्ति विसर्जन का कोई उल्लेख नहीं है, बल्कि यहाँ देवताओं की स्थापना और पूजा की परंपरा रही है।

विसर्जन हमारी आस्था पर चोट: हरीश रावत
संगठन के अध्यक्ष हरीश रावत ने कहा, “सरकार श्री गणेश महोत्सव को भव्य बनाए, लेकिन मूर्ति विसर्जन की परंपरा हमारी सांस्कृतिक भावना को आहत करती है। यह पर्वत संस्कृति पर एक प्रकार का सांस्कृतिक अतिक्रमण है।” उन्होंने सरकार से तत्काल आदेश पारित कर विसर्जन पर रोक लगाने की मांग की।

आंदोलन की चेतावनी - 
जिला अध्यक्ष मोहन कांडपाल, संगठन महामंत्री विनोद शाही और नगर अध्यक्ष भुवन पांडे ने भी कहा कि यदि इस परंपरा को नहीं रोका गया तो हजारों की संख्या में कार्यकर्ता सड़कों पर उतरेंगे और यह आंदोलन राज्यव्यापी रूप ले सकता है।

"बॉलीवुड की नकल, संस्कृति से खिलवाड़"
संगठन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि उत्तराखंड में बॉलीवुड की नकल करते हुए ऐसे धार्मिक आयोजनों को बदला जा रहा है, जो स्थानीय संस्कृति और धर्मशास्त्रों से मेल नहीं खाते। महिलाओं ने भी जताई आपत्ति जिसमें दीपा पांडे, कविता जीना और कंचन रौतेला समेत कई महिलाओं ने भी इस प्रथा को देवभूमि का अपमान बताया। उन्होंने इसे तुरंत बंद करने की माँग की।


इस दौरान, फौजी मदन फरत्याल, फौजी दिनेश जोशी, फौजी कमलेश जेठी, अंजू पांडे, बबीता जोशी, साक्षी, गीता देवी, पवन शर्मा, नारायण सिंह बरगली, मनोज रावत, कपिल शाह, हरेंद्र सिंह राणा, विजय भंडारी, पवन ज्याला सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौके पर मौजूद रहे।

WhatsApp Group Join Now