हल्द्वानी - चोरगलिया में सीएम धामी ने 9.93 करोड़ के शेर नाला पुल का किया लोकार्पण, मानसून में मिलेगी बड़ी राहत
हल्द्वानी/चोरगलिया - मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को नैनीताल जिले के भ्रमण पर पहुंचे। चोरगलिया स्थित राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी पहुंचने पर हेलीपैड में कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने राजकीय इंटर कॉलेज लाखनमंडी में क्षेत्रीय जनता और जनप्रतिनिधियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण किया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान सरकार की प्राथमिकता है। छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
9.93 करोड़ की लागत से बना 120 मीटर लंबा पुल -
इसके बाद मुख्यमंत्री ने हल्द्वानी-चोरगलिया-सितारगंज मार्ग पर शेर नाला में 993 लाख रुपये यानी करीब 9.93 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 120 मीटर स्पान डबल लेन आरसीसी कंक्रीट सेतु का लोकार्पण किया। शेर नाला बरसात के मौसम में उफान पर आने के कारण लंबे समय से क्षेत्रीय लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ था। नाले में पानी बढ़ने पर आवागमन बाधित हो जाता था, जिससे ग्रामीणों और अन्य यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लंबा रास्ता तय करना पड़ता था।
स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों को भी फायदा -
नवनिर्मित पुल के शुरू होने से चोरगलिया और आसपास के क्षेत्र के लोगों को मानसून के दौरान आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही हल्द्वानी-चोरगलिया-सितारगंज मार्ग से गुजरने वाले पर्यटकों और यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी। पुल के लोकार्पण के बाद क्षेत्रीय लोगों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, लालकुआं विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
