हल्द्वानी- शहर में बवाल माहौल बिगड़ा! जानवर का सिर मिलने से हिंदूवादी संगठनों का हंगामा, शमा रेस्टोरेंट में भी तोड़फोड़
हल्द्वानी - शहर के बरेली रोड स्थित उजाला नगर क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब उजालेश्वर महादेव मंदिर के पास जानवर का कटा हुआ सिर मिलने की सूचना फैली। हिंदूवादी संगठनों ने आरोप लगाया कि यह बछड़े का सिर है और इस घटना को गंभीर धार्मिक उकसावे के रूप में देखा जा रहा है। संगठनों ने तत्काल पुलिस को तहरीर देकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में रोष फैल गया और क्षेत्र का माहौल तनावपूर्ण हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सिर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक और अन्य तकनीकी पहलुओं की सहायता से इसकी पुष्टि की जाएगी।
इधर, इसी तनाव के बीच बरेली रोड स्थित शमा रेस्टोरेंट में तोड़फोड़ और पथराव की भी खबर सामने आई, जिसके बाद हालात और गरमा गए। भीड़ और पुलिस के बीच जमकर झड़प होने की भी जानकारी मिल रही है, हालांकि पुलिस स्थिति को नियंत्रण में बनाए रखने का प्रयास कर रही है।
पुलिस प्रशासन ने शहर में अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी है और लोगों से अफवाहों से बचने तथा शांति बनाए रखने की अपील की है।
