हल्द्वानी - शादी समारोह में बवाल, डीजे संचालक की पिटाई, भाई पर चाकू से हमला, पांच हिरासत में

 | 
हल्द्वानी - शादी समारोह में बवाल, डीजे संचालक की पिटाई, भाई पर चाकू से हमला, पांच हिरासत में

हल्द्वानी - गौलापार क्षेत्र में एक विवाह समारोह के दौरान रविवार रात जमकर हंगामा हो गया। आरोप है कि कुछ युवकों ने डीजे संचालक के साथ मारपीट की। पीड़ित पक्ष ने घटना के पीछे जातिगत टिप्पणी और पानी पीने से रोकने की बात कही है। वहीं डीजे संचालक के भाई ने आरोप लगाया कि उसे चाकू मारकर घायल किया गया तथा उसकी सोने की चेन और 50 हजार रुपये लूट लिए गए।

 

पीड़ित उमेश चंद्र के अनुसार सूचना मिलने पर जब वह मौके पर पहुंचा तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट शुरू कर दी। उसने बताया कि हमलावरों ने चाकू से वार किया और अधमरी हालत में छोड़ दिया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस पांच युवकों को हिरासत में लेकर काठगोदाम थाना ले गई। एफआईआर दर्ज नहीं होने से नाराज देवला मल्ला गांव की महिलाओं ने सोमवार सुबह काठगोदाम थाने का घेराव किया। महिलाओं ने आरोपियों के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की मांग की।

 

दूसरी ओर दूसरे पक्ष की पुष्पा देवी ने भी पुलिस को तहरीर देकर आरोप लगाया कि डीजे संचालक के समर्थन में कुछ लोग उनके घर में घुस आए और परिवार के साथ मारपीट की। उन्होंने कहा कि उनके सिर में गंभीर चोट आई है और परिवार के अन्य सदस्य भी घायल हुए हैं। 
मामले में एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में जातिगत टिप्पणी या पानी पीने से रोकने जैसी बात सामने नहीं आई है। दोनों पक्षों में मारपीट हुई है और दोनों की तहरीरों की जांच की जा रही है। पुलिस ने चार से पांच लोगों को हिरासत में लिया है।

WhatsApp Group Join Now