हल्द्वानी - छुट्टी पर ट्रेन से घर लौट रहे BSF जवान हुआ जहरखुरानी का शिकार, काठगोदाम स्टेशन पर बेहोशी की हालत में मिले, हुई मौत

 | 
हल्द्वानी - छुट्टी पर ट्रेन से घर लौट रहे BSF जवान हुआ जहरखुरानी का शिकार, काठगोदाम स्टेशन पर बेहोशी की हालत में मिले, हुई मौत 

हल्द्वानी - राजस्थान के जैसलमेर से छुट्टी लेकर घर लौट रहे BSF के हेड कॉन्स्टेबल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में जहरखुरानी के बाद लूटपाट की आशंका जताई जा रही है। मामले में GRP काठगोदाम ने हत्या समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार हरिद्वार जिले के रुड़की निवासी BSF के हेड कॉन्स्टेबल सत्यपाल सिंह (53) राजस्थान के जैसलमेर स्थित 20वीं बटालियन में तैनात थे। 27 जून को छुट्टी मिलने पर वह रानीखेत एक्सप्रेस से अपने घर के लिए रवाना हुए। यात्रा के दौरान उन्होंने जोधपुर से अपने बेटे को फोन कर घर लौटने की जानकारी दी थी। इसके बाद उनसे परिवार का कोई संपर्क नहीं हो सका।

पुलिस के अनुसार आशंका है कि ट्रेन यात्रा के दौरान जहरखुरानों ने पहले जवान का विश्वास जीता और फिर खाने-पीने की किसी वस्तु में नशीला पदार्थ मिलाकर उन्हें दे दिया। बेहोश होने के बाद उनका मोबाइल फोन, पर्स, सामान और अन्य जरूरी दस्तावेज लूट लिए गए। सत्यपाल सिंह को दिल्ली में उतरकर हरिद्वार के लिए दूसरी ट्रेन पकड़नी थी, लेकिन बेहोशी की हालत में वह ट्रेन से नहीं उतर सके। रानीखेत एक्सप्रेस उन्हें काठगोदाम तक लेकर पहुंच गई।

29 जून की सुबह ट्रेन के काठगोदाम स्टेशन पहुंचने पर जनरल कोच की जांच के दौरान वह अचेत अवस्था में मिले। GRP ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शुरुआत में मृतक की पहचान नहीं हो सकी, लेकिन जेब से मिले आधार कार्ड और अन्य दस्तावेजों के आधार पर उनकी पहचान BSF हेड कॉन्स्टेबल सत्यपाल सिंह के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने BSF अधिकारियों और परिजनों को सूचना दी।

GRP काठगोदाम ने मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। ट्रेन में सक्रिय जहरखुरान गिरोह की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

यात्रियों के लिए सावधानी - 
रेलवे और पुलिस समय-समय पर यात्रियों को सलाह देती है कि यात्रा के दौरान किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा दी गई चाय, पानी, बिस्कुट, फल या अन्य खाद्य पदार्थ स्वीकार न करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल रेलवे पुलिस या हेल्पलाइन पर दें।

WhatsApp Group Join Now