हल्द्वानी - शैमफोर्ड स्कूल में ब्लॉक स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी-2026 हुई आयोजित, राइका फूलचौड़ के गौरव ने पाया पहला स्थान 

 | 
हल्द्वानी - शैमफोर्ड स्कूल में ब्लॉक स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी-2026 हुई आयोजित, राइका फूलचौड़ के गौरव ने पाया पहला स्थान 

 

हल्द्वानी - शैमफोर्ड सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हल्द्वानी के सभागार में ब्लॉक स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी-2026 का आयोजन किया गया। संगोष्ठी का विषय “भारतीय ऊर्जा परिदृश्य-2047 : संभावनाएं एवं चुनौतियां” रहा। कार्यक्रम में हल्द्वानी ब्लॉक के 40 से अधिक राजकीय, अर्द्धसरकारी एवं निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के चेयरमैन दयासागर बिष्ट, नोडल अधिकारी कृष्णानन्द जोशी, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर राजेश बिष्ट, डायरेक्टर अकादमिक अंजू भट्ट और प्रधानाचार्या संतोष पांडे ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। विद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की।

विज्ञान संगोष्ठी के ब्लॉक कोऑर्डिनेटर ललित मोहन पाठक ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। इसके बाद प्रतिभागियों की लिखित परीक्षा हुई। परीक्षा के उपरांत विद्यार्थियों ने भारतीय ऊर्जा परिदृश्य-2047 पर अपने विचार रखे। प्रत्येक प्रतिभागी को प्रस्तुति के लिए छह मिनट का समय दिया गया। विद्यार्थियों ने भारत की वर्तमान एवं भविष्य की ऊर्जा जरूरतों, ऊर्जा संरक्षण, नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों तथा वर्ष 2047 तक ऊर्जा क्षेत्र के विकास की संभावनाओं और चुनौतियों पर प्रभावशाली ढंग से विचार रखे। निर्णायक मंडल ने प्रतिभागियों से विषय से जुड़े सवाल भी पूछे, जिनका विद्यार्थियों ने आत्मविश्वास और तार्किक ढंग से जवाब दिया।

गौरव सिंह पड़ियार ने हासिल किया पहला स्थान - 
प्रतियोगिता में अटल उत्कृष्ट राइका फूलचौड़ के गौरव सिंह पड़ियार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वुडलैंड सीनियर सेकेंडरी स्कूल की पलाक्षा सुतेड़ी द्वितीय और शैमफोर्ड सीनियर सेकेंडरी स्कूल के अर्नव यादव तृतीय स्थान पर रहे। विजेताओं को शील्ड और प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए, जबकि अन्य प्रतिभागियों को भी प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों का चयन जिला स्तरीय विज्ञान संगोष्ठी के लिए किया गया है।

कार्यक्रम की सफलता में विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक-शिक्षिकाओं, निर्णायक मंडल और प्रतिभागी विद्यार्थियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अकादमिक डायरेक्टर अंजू भट्ट ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसी संगोष्ठियां विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, तार्किक क्षमता और अभिव्यक्ति कौशल विकसित करने के साथ देश के भविष्य से जुड़े विषयों के प्रति जागरूकता बढ़ाती हैं। कार्यक्रम का संचालन मीना पल्याल ने किया। इस दौरान नमिता भट्ट, दयावती रौतेला, प्रमोद सिंह अधिकारी, प्रतिभागी विद्यालयों के मेंटोर शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं विद्यालय स्टाफ मौजूद रहा।


 

WhatsApp Group Join Now