उत्तराखंड - हल्द्वानी में अगले सप्ताह भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक प्रस्तावित, नितिन नवीन हो सकते हैं शामिल
देहरादून - उत्तराखंड भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक अगले सप्ताह हल्द्वानी में प्रस्तावित है। पार्टी की ओर से तय कार्यक्रम के अनुसार बैठक नौ सितंबर को होगी। इसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के भी शामिल होने की संभावना है। उनके कुमाऊं मंडल में दो दिवसीय प्रवास का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के अनुसार, नौ सितंबर को हल्द्वानी में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आयोजित की जाएगी। इसी दिन पार्टी की कोर कमेटी की बैठक भी प्रस्तावित है। प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल ने इसकी जानकारी दी है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के दौरे को लेकर पार्टी स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत 10 सितंबर को हल्द्वानी में पूर्व सैनिक सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जबकि रुद्रपुर में सिख सम्मेलन होगा। दोनों कार्यक्रमों की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
भाजपा ने उत्तराखंड पर अपना फोकस बढ़ाया है। इस वर्ष पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के स्तर से प्रदेश में लगातार दौरे और संगठनात्मक कार्यक्रम हुए हैं। नितिन नवीन इससे पहले मई में देहरादून पहुंचे थे, जहां उन्होंने प्रदेश भाजपा की कोर कमेटी की बैठक में हिस्सा लिया था।
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक और राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रस्तावित कुमाऊं प्रवास को आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों और चुनावी रणनीति को लेकर चर्चा होने की संभावना है।


