नैनीताल में तेज रफ्तार बाइक की भिड़ंत, भाजपा मंडल अध्यक्ष और युवक गंभीर रूप से घायल, हायर सेंटर रेफर
Nainital Accident - नैनीताल के मल्लीताल क्षेत्र में सुबह एक तेज रफ्तार बाइक के कारण दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में भाजपा मंडल अध्यक्ष नितिन कार्की और एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यह दुर्घटना सुबह करीब सवा नौ बजे बीडी पांडे अस्पताल–मोहनको रोड पर हुई।
जानकारी के अनुसार, नितिन कार्की आज सुबह अपनी बाइक से नीचे से ऊपर की ओर जा रहे थे। जैसे ही उन्होंने कुर्मांचल बैंक की ओर मुड़ने का प्रयास किया, सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से उनकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि नितिन कार्की सड़क पर चेहरे के बल गिर पड़े, जबकि दूसरा युवक सड़क किनारे खड़ी कार से टकराकर दूर जा गिरा। दोनों ने हेलमेट नहीं पहना था, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
मौके पर मौजूद लोगों की मदद से दोनों को तत्काल बीडी पांडे अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सक डॉ. प्रशांत ओली ने बताया कि नितिन कार्की के चेहरे और नाक पर चोट आई है और उन्हें भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है। वहीं, स्टाफ हाउस निवासी प्रियांशु को सिर में गंभीर चोट होने के कारण हायर सेंटर रेफर किया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि क्षेत्र में सड़क किनारे खड़े वाहन, वन-वे में गलत दिशा से चलने वाले वाहन और तेज रफ्तार अक्सर हादसों का कारण बन रहे हैं। हालांकि, पुलिस द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं किए जाने से लोगों में नाराजगी है। मामले की जांच कोतवाल हेम पंत कर रहे हैं।
