भीमताल - जन समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री से मिलने जा रहे हरीश पनेरु को पुलिस ने किया नजरबंद, बढ़ी सियासी हलचल
भीमताल- भीमताल की प्रमुख जन समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री से मिलने जा रहे राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरु को पुलिस ने नजरबंद कर दिया। हरीश पनेरु को सुबह 10 बजे से शाम तक भीमताल थाने में नजरबंद रखा गया, जिससे क्षेत्र में राजनीतिक और सामाजिक हलकों में हलचल मच गई।

बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जमरानी बांध क्षेत्र के निरीक्षण के लिए जनपद नैनीताल पहुंचे हुए हैं। इसी दौरान हरीश पनेरु भीमताल क्षेत्र में बढ़ते बाघ आतंक, विकास कार्यों में अनियमितता, भ्रष्टाचार तथा अन्य स्थानीय जन समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री से मुलाकात करने जा रहे थे।
पुलिस कार्रवाई को लेकर हरीश पनेरु ने नाराजगी जताते हुए कहा कि वह शांतिपूर्ण तरीके से जन समस्याओं को मुख्यमंत्री के समक्ष रखने जा रहे थे, लेकिन उन्हें सुबह से ही भीमताल थाने में बंधक बनाकर रखा गया।
हरीश पनेरु ने अपने बयान में कहा,
वह क्षेत्र की गंभीर व्याप्त समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री से मिलने जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने मुझे भीमताल में सुबह से नजरबंद कर रखा है। यह जन समस्याओं की आवाज को दबाने का प्रयास है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और समर्थकों में रोष देखा गया। लोगों का कहना है कि जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को जनता की आवाज उठाने से रोका जाना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।
