उत्तराखंड - नेपाल त्रासदी में भवान दत्त के लापता होने की आशंका, प्रशासन हाइड्रो कंपनी का पता लगाने में जुटा
उत्तराखंड - नेपाल में आई त्रासदी के बाद धारचूला तहसील के छारछुम निवासी एक व्यक्ति के लापता होने की आशंका जताई जा रही है। स्वजन ने प्रशासन से भवान दत्त (44) का पता लगाने की मांग की है। सूचना मिलने के बाद प्रशासन ने संबंधित हाइड्रो कंपनी का पता लगाने की कवायद शुरू कर दी है, जहां भवान दत्त के काम करने की जानकारी सामने आई है।
एसडीएम धारचूला आशीष जोशी ने बताया कि छारछुम निवासी परिवार ने प्रशासन को जानकारी दी है कि उनके परिवार के सदस्य भवान दत्त नेपाल में उस क्षेत्र में कार्य करते हैं, जहां हाल में त्रासदी हुई है। परिवार ने प्रशासन से उनका पता लगाने का अनुरोध किया है।
स्वजन के अनुसार भवान दत्त पहले टनकपुर में एक हाइड्रो प्रोजेक्ट में काम करते थे। वर्तमान में वह नेपाल में किसी हाइड्रो प्रोजेक्ट से जुड़े हुए हैं। हालांकि, वह नेपाल की किस हाइड्रो कंपनी में कार्यरत हैं, इसकी अभी स्पष्ट जानकारी प्रशासन के पास नहीं है।
एसडीएम ने बताया कि प्रशासन संबंधित हाइड्रो कंपनी का पता लगाने का प्रयास कर रहा है। कंपनी की जानकारी मिलने के बाद उससे संपर्क कर भवान दत्त की स्थिति के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी। फिलहाल उनके लापता होने की आशंका है, लेकिन प्रशासन की ओर से इसकी पुष्टि नहीं की गई है।



