हल्द्वानी - हाईकोर्ट में सुनवाई से पहले कोतवाली पहुंची ज्योति सिंह, पुलिस को पत्र देने पर अड़ी, हनीट्रैप मामले में मुख्य आरोपी है महिला
हल्द्वानी - शहर के एक बड़े कारोबारी से पांच करोड़ रुपये नकद और दो करोड़ रुपये कीमत के चार प्लॉट हड़पने के आरोप में घिरी मुख्य आरोपी ज्योति सिंह मंगलवार को अचानक कोतवाली पहुंच गई। हाईकोर्ट में सुनवाई से ठीक एक दिन पहले कोतवाली पहुंची ज्योति सिंह पुलिस को एक पत्र सौंपकर उसे विवेचना में शामिल कराने की मांग कर रही थी। हालांकि पुलिस ने पत्र लेने से इनकार करते हुए स्पष्ट किया कि विवेचक की ओर से बयान दर्ज करने के लिए बुलाए जाने पर ही वह अपने दस्तावेज और साक्ष्य प्रस्तुत करे।
ज्योति सिंह की गिरफ्तारी पर हाईकोर्ट से मिली रोक की अवधि बुधवार को समाप्त हो रही है। मामले में 25 नवंबर को हाईकोर्ट में दोबारा सुनवाई होनी है। ऐसे में न्यायालय के अगले आदेश पर ज्योति की गिरफ्तारी को लेकर फैसला निर्भर करेगा। यदि अदालत गिरफ्तारी पर लगी रोक हटाती है तो पुलिस आगे की कार्रवाई कर सकती है।
मामले में ज्योति सिंह, मोहम्मद मुश्ताक समेत पांच लोगों के खिलाफ कारोबारी को कथित तौर पर हनी ट्रैप में फंसाकर करोड़ों रुपये की नकदी और संपत्ति हड़पने का आरोप है। आरोप है कि यह सिलसिला करीब 11 साल तक चलता रहा। आर्थिक संकट और मानसिक तनाव से जूझ रहे कारोबारी ने आखिरकार पुलिस से शिकायत की, जिसके बाद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद मुख्य आरोपी ज्योति सिंह सामने नहीं आई थी। हालांकि मुकदमा दर्ज होने के दो दिन बाद ही उसने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया। न्यायालय ने उसकी गिरफ्तारी पर 25 नवंबर तक रोक लगा दी थी।
गिरफ्तारी पर रोक की अवधि समाप्त होने से एक दिन पहले मंगलवार को ज्योति पहले कोतवाली और फिर पुलिस बहुउद्देशीय भवन पहुंची। वह विवेचना में शामिल करने के लिए एक पत्र देना चाहती थी और उसकी रिसीविंग भी मांग रही थी। पुलिस ने उसे समझाया कि विवेचक की ओर से बयान दर्ज करने के लिए बुलाए जाने पर वह अपने पक्ष के तथ्य, साक्ष्य और दस्तावेज प्रस्तुत कर सकती है।
विवेचना की प्रक्रिया पर पुलिस ने दिया जवाब -
ज्योति सिंह के बार-बार पत्र लेने और उसकी रिसीविंग देने की मांग करने पर पुलिस ने स्पष्ट किया कि विवेचना निर्धारित प्रक्रिया के तहत ही होगी। पुलिस के अनुसार, आरोपी अपनी इच्छा के अनुसार जांच की प्रक्रिया तय नहीं कर सकती। विवेचक के बुलाने पर उसे उपस्थित होकर अपना पक्ष और संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 120बी, 34, 384, 387, 389 और 420 के तहत प्राथमिकी दर्ज है।
सीओ सिटी,लव शर्मा ने बताया कि मामले में विवेचना जारी है। प्रक्रिया के तहत जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। महिला आरोपी आई थीं, उन्हें विवेचक से संपर्क करने को कहा गया है।





