हल्द्वानी - मारपीट की सूचना पर गए पुलिसकर्मियों पर ही हमला, वर्दी फाड़ी, जान से मारने की धमकी, 13 के खिलाफ मुकदमा दर्ज
हल्द्वानी - शहर के समीप भुजियाघाट क्षेत्र में मारपीट की सूचना पर पहुंचे पुलिसकर्मियों से ही युवकों द्वारा मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना के दौरान पुलिसकर्मियों की वर्दी फाड़ दी गई और जान से मारने की धमकी देने के आरोप भी लगाए गए हैं। मामले में पांच नामजद समेत 13 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, ज्योलीकोट चौकी में तैनात कांस्टेबल राजेंद्र कुमार जोशी ने तल्लीताल कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि बीती रात वह अन्य पुलिसकर्मियों के साथ भुजियाघाट क्षेत्र में यातायात व्यवस्था संभालने के लिए ड्यूटी पर थे। इसी दौरान सूचना मिली कि एक लाल रंग का वाहन (यूके04-एए2613) होटल में खाना खाकर बिना भुगतान किए ज्योलीकोट की ओर गया है।
सूचना पर पुलिस टीम वाहन का इंतजार कर रही थी, तभी मौके पर पहुंचे युवकों ने पहले सूचना देने वाले व्यक्ति के साथ मारपीट की और सड़क पर जाम लगा दिया। जब पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तो 10 से 15 युवकों ने उनके साथ भी मारपीट शुरू कर दी और एक कांस्टेबल की वर्दी फाड़ दी।
आरोप है कि हमलावरों ने सड़क अवरुद्ध करते हुए पुलिसकर्मियों को जान से मारने की धमकी भी दी। हंगामे के बाद स्थानीय लोगों के पहुंचने पर आरोपी मौके से वाहन लेकर फरार हो गए। कोतवाल हरपाल सिंह ने बताया कि मामले में कुबेर जीना, हर्षित जीना, कौशल जीना, मनीष खाती, हिमांशु बिष्ट व आठ अज्ञात लोगों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
