हल्द्वानी - बनभूलपुरा केस की सुनवाई से पहले पुलिस का मूमेंट हुआ तेज, चार सेक्टरों में बांटा क्षेत्र, इन जगहों पर हुई नाकेबंदी
हल्द्वानी - एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर बनभूलपुरा क्षेत्र में सुप्रीम कोर्ट से कल आने वाले फैसले से पहले आज तड़के सुबह से संदिग्ध व्यक्तियों के सत्यापन के लिए बड़ा अभियान चलाया गया। क्षेत्र को चार सेक्टरों में बांटकर कार्रवाई की गई, जिसका नेतृत्व एसपी सिटी मनोज कत्याल ने किया। अभियान में राजपत्रित अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती रही।
सेक्टर प्रभारी के रूप में एएसपी दीपशिखा, सीओ अमित कुमार, सीओ सुमित पांडे तथा सीओ रविकांत सेमवाल अपने-अपने क्षेत्रों में मौजूद रहे। पुलिस टीमों ने इंदिरा नगर, बड़ी रोड, छोटी रोड, शनिवार बाजार, ढोलक बस्ती, रेलवे स्टेशन व आस-पास की बस्तियों में सघन चेकिंग की। बीडीएस टीम ने भी क्षेत्र में जांच कार्य किया।
अभियान के दौरान लगभग 350–400 लोगों का सत्यापन किया गया। सत्यापन पूर्ण न होने पर 32 व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस एक्ट में कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला गया और सत्यापन पूरा किया गया। वाहन चेकिंग के दौरान 10 वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई, जबकि एक चालक को नशे की हालत में वाहन चलाने पर गिरफ्तार कर वाहन सीज किया गया।
सुबह से ही जिलेभर में कड़ी चेकिंग, सभी बैरियर अलर्ट पर -
इसी क्रम में आज सुबह जिले के सभी मुख्य बैरियरों—बेलबाबा, आम्रपाली, हल्दूचौड़, गडप्पू, रामनगर रूट, बारापत्थर, भीमताल, खैरना, सुभाष नगर—पर पुलिस ने व्यापक चेकिंग की। वरिष्ठ अधिकारी स्वयं मौजूद रहे और टीमों को निर्देशित किया। शहर के अंदरूनी इलाकों में पैदल गश्त बढ़ाई गई तथा वाहनों, व्यक्तियों और सामान की सघन जांच की जा रही है। पुलिसकर्मी बॉडी प्रोटेक्टर व आवश्यक उपकरणों से लैस रहे।
सोशल मीडिया पर भी निगरानी -
पुलिस ने कहा कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी भ्रामक सूचना को गंभीरता से लिया जाएगा। जनपद पुलिस ने लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने, आवश्यक दस्तावेज साथ रखने और चेकिंग के दौरान सहयोग करने की अपील की है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने को कहा गया है।
