हल्द्वानी - पेपर लीक कांड के खिलाफ उग्र आंदोलन, बुद्ध पार्क में युवाओं का आमरण अनशन शुरू, प्रदेश भर के युवा सड़कों पर 

 | 
हल्द्वानी - पेपर लीक कांड के खिलाफ उग्र आंदोलन, बुद्ध पार्क में युवाओं का आमरण अनशन शुरू, प्रदेश भर के युवा सड़कों पर 

हल्द्वानी  — उत्तराखंड में लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामलों के खिलाफ बेरोजगार युवाओं और छात्र संगठनों का आक्रोश अब सड़कों पर दिखाई देने लगा है। देहरादून से लेकर हल्द्वानी तक युवा अब धरने पर बैठ गए हैं। हल्द्वानी के बुद्ध पार्क में बड़ी संख्या में युवा "नौकरी दो, न्याय दो, पेपर माफियाओं को सजा दो" जैसे नारों के साथ आमरण अनशन पर बैठ गए हैं। आंदोलनकारियों का कहना है कि जब तक दोषियों को सख्त सजा और पेपर माफियाओं पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, उनका आंदोलन जारी रहेगा।

छात्र संगठनों ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि हर बार जांच केवल दिखावे की होती है, जबकि असली दोषी राजनीतिक संरक्षण के चलते बच निकलते हैं। प्रदर्शनकारी युवाओं का कहना है कि यह सिर्फ रोजगार का नहीं, बल्कि भविष्य की सुरक्षा और व्यवस्था में विश्वास की लड़ाई है।

आंदोलनकारी चेतावनी दे रहे हैं कि अगर सरकार ने इस बार भी आवाज़ नहीं सुनी, तो यह आंदोलन प्रदेशव्यापी रूप ले सकता है। बुद्ध पार्क में माहौल लगातार गरमाता जा रहा है, और प्रशासन पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। युवाओं का कहना है — "अबकी बार समझौता नहीं, केवल न्याय चाहिए।" अब देखना यह है कि क्या सरकार इस बार युवाओं की आवाज़ को गंभीरता से लेगी या फिर यह चिंगारी किसी बड़े जनांदोलन में तब्दील होगी।
 

WhatsApp Group Join Now