उत्तराखंड - जिला कोर्ट के बाद अब नैनीताल हाईकोर्ट को ड्रोन बम से उड़ाने की मिली धमकी, सुरक्षा हुई कड़ी
नैनीताल - इन दिनों उत्तराखंड में न्यायालय परिसरों में दहशत का माहौल है, नैनीताल में जिला कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी के बाद अब नैनीताल हाईकोर्ट को भी ड्रोन बम से उड़ाने की धमकी मिलने से शहर में हड़कंप मच गया है। गुरुवार को धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद पुलिस-प्रशासन अलर्ट हो गया और कोर्ट परिसरों में सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
जानकारी के अनुसार इससे पहले 16 और 17 फरवरी को जिला जज की आधिकारिक ईमेल आईडी पर जिला कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। लगातार दो दिन तक कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल रहा और न्यायिक कार्य प्रभावित हुए। सूचना मिलते ही पुलिस, डॉग स्क्वॉयड और बम निरोधक दस्ते ने पूरे परिसर की जांच की थी। सुरक्षा के मद्देनजर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था। इस मामले में तल्लीताल थाना में दो मुकदमे दर्ज किए गए थे।
बुधवार को कड़ी सुरक्षा के बीच न्यायिक कार्य सामान्य रूप से शुरू ही हुए थे कि गुरुवार को फिर एक नया ईमेल सामने आया। इस बार जिला कोर्ट के साथ-साथ हाईकोर्ट को भी ड्रोन बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। इसके बाद दोनों परिसरों में काम अस्थायी रूप से रोक दिया गया और सुरक्षा एजेंसियों ने मोर्चा संभाल लिया।
एसपी डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि तीसरे ईमेल के बाद सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है। जिला कोर्ट के दोनों गेटों पर मेटल डिटेक्टर लगाकर प्रवेश करने वालों की जांच की जा रही है। बाहरी व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
एसएसपी मंजू नाथ टीसी ने बताया कि सुबह करीब 11 बजे सूचना मिली, जिसके बाद तत्काल एहतियाती कदम उठाए गए। साइबर सेल ईमेल के स्रोत की जांच में जुटी है। फिलहाल पुलिस ने कोर्ट परिसरों में सघन तलाशी अभियान जारी रखा है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध सूचना की तुरंत पुलिस को जानकारी देने की अपील की है।
