रुद्रपुर - ट्रेन हादसे के बाद बवाल, कंपनी गेट पर शव रखकर 3 घंटे प्रदर्शन, इस आश्वासन पर मामला शांत
रुद्रपुर - ट्रेन की चपेट में आकर श्रमिक की मौत के बाद मंगलवार को जमकर हंगामा हुआ। सिडकुल क्षेत्र की एक कंपनी के बाहर परिजनों और मजदूरों ने शव रखकर करीब तीन घंटे तक प्रदर्शन किया। मृतक 55 वर्षीय सुरेश प्रसाद सोमवार को काम पर जाते समय काठगोदाम से आ रही संपर्क क्रांति एक्सप्रेस की चपेट में आ गए थे। परिजनों का आरोप है कि वह बीमार होने के बावजूद काम पर गए थे, लेकिन कंपनी ने उन्हें “नो एंट्री” कहकर वापस भेज दिया, जिसके बाद दोबारा जाते समय हादसा हो गया।
मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजन और श्रमिक शव को कंपनी गेट पर ले आए और प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुआवजे व नौकरी की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने मृतक के बेटे को स्थायी नौकरी और 20 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग रखी।
स्थिति बिगड़ने पर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल मौके पर पहुंचे और कंपनी प्रबंधन से वार्ता की। बातचीत के बाद प्रबंधन ने मृतक के बेटे को योग्यता के आधार पर नौकरी और अन्य सुविधाएं देने का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए। पूरे घटनाक्रम के दौरान कंपनी के बाहर भारी पुलिस और पीएसी बल तैनात रहा तथा माहौल तनावपूर्ण बना रहा।
