हल्द्वानी - छापेमारी के बाद प्रशासन ने शहर में पांच और कोचिंग सेंटर किए सील, जानिए इन केंद्रों पर मनमानी पर हुआ एक्शन 
 

 | 
हल्द्वानी - छापेमारी के बाद प्रशासन ने शहर में पांच और कोचिंग सेंटर किए सील, जानिए इन केंद्रों पर मनमानी पर हुआ एक्शन 

हल्द्वानी - जिला प्रशासन ने छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए नियमों का उल्लंघन कर संचालित हो रहे कोचिंग संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। शनिवार देर शाम शहर के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित पांच कोचिंग सेंटरों को फायर विभाग का अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) नहीं मिलने पर सील कर दिया गया। लखनऊ में कोचिंग सेंटर में हुए अग्निकांड के बाद प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में प्राधिकरण सचिव मनीष कुमार सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी और अग्निशमन विभाग के एफएसओ मिंदर पाल सिंह के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने शहर के विभिन्न कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया।

 

जांच के दौरान मुखानी स्थित विजन फ्यूचर कोचिंग सेंटर, कुमाऊं डिफेंस कोचिंग सेंटर, पाई स्क्वायर, पनचक्की रोड स्थित विजन फ्यूचर तथा लालडांठ स्थित कृष्णा आईएएस एवं डिफेंस एकेडमी के पास फायर विभाग की एनओसी नहीं मिली। इसके चलते इन सभी संस्थानों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया। वहीं, लोहरियासाल स्थित अन-एकेडमी के प्रबंधन ने फायर विभाग की वैध एनओसी प्रस्तुत की, जिसके चलते उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई।

 

सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी ने बताया कि छात्र-छात्राओं की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। बिना आवश्यक अनुमति और सुरक्षा मानकों का पालन किए संचालित कोचिंग संस्थानों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

WhatsApp Group Join Now