उत्तराखंड - नैनीताल के बाद अब देहरादून समेत कई जिलों के न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी, पुलिस के हाथ खाली
देहरादून - प्रदेश में कई जिलों के न्यायालय परिसरों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। ताजा मामला देहरादून का है, जहां जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की सूचना मिलने के बाद पुलिस और खुफिया एजेंसियां तुरंत मौके पर पहुंच गईं। इससे पहले नैनीताल, उत्तरकाशी और टिहरी के न्यायालयों को भी इसी तरह की धमकियां मिली थीं। वहीं हरिद्वार और रुद्रप्रयाग में भी न्यायालय परिसरों को निशाना बनाने की धमकी से प्रशासन सतर्क हो गया। दो दिनों से लगातार इस तरह से हो रही घटनाओं के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं।
सूचना मिलते ही सभी न्यायालय परिसरों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। एहतियातन परिसर को खाली कराया गया और सघन तलाशी अभियान चलाया गया। बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड की मदद से हर कोने की जांच की गई, हालांकि किसी भी स्थान पर कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला शरारती तत्वों की हरकत प्रतीत हो रहा है, लेकिन किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। सभी धमकियों की गंभीरता से जांच की जा रही है। साइबर सेल को भी सक्रिय कर दिया गया है ताकि धमकी देने वालों का पता लगाया जा सके। प्रदेशभर में न्यायालय परिसरों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस और खुफिया एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
