हल्द्वानी - SIR के बाद नैनीताल जिले में घट गए 78364 मतदाता, हल्द्वानी का आंकड़ा देख पकड़ लेंगे माथा
हल्द्वानी - विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद प्रकाशित नई मतदाता सूची में नैनीताल जिले के छह विधानसभा क्षेत्रों में 78,364 मतदाता कम हो गए हैं। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव की मतदाता सूची में जिले में कुल 7,75,899 मतदाता दर्ज थे, जबकि तीन अक्टूबर 2026 को प्रकाशित सूची में यह संख्या घटकर 6,97,535 रह गई है। सबसे अधिक गिरावट हल्द्वानी विधानसभा क्षेत्र में हुई है, जहां 31,300 मतदाताओं के नाम कम हुए हैं।
28 सितंबर को नोटिस और सुनवाई की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शनिवार को नई मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया। SIR के तहत तैयार सूची में जिले की सभी छह विधानसभा सीटों पर मतदाताओं की संख्या में कमी दर्ज की गई है। लालकुआं में 11,871, भीमताल में 3,072, नैनीताल में 16,848, हल्द्वानी में 31,300, कालाढूंगी में 6,213 और रामनगर में 9,649 मतदाता कम हुए हैं।
नई सूची के अनुसार लालकुआं विधानसभा क्षेत्र में 2022 में 1,20,392 मतदाता थे, जो अब घटकर 1,08,521 रह गए हैं। भीमताल में यह संख्या 1,00,634 से घटकर 97,562, नैनीताल में 1,09,970 से घटकर 93,122 और हल्द्वानी में 1,51,396 से घटकर 1,20,685 हो गई है। इसी तरह कालाढूंगी में 1,71,639 से घटकर 1,65,426 और रामनगर में 1,21,868 से घटकर 1,12,219 मतदाता रह गए हैं।
निर्वाचन विभाग के अनुसार SIR प्रक्रिया के दौरान कई ऐसे पात्र मतदाता भी सूची में शामिल होने से रह गए हैं, जिनके नाम पहले मतदाता सूची में दर्ज थे। ऐसे पात्र लोगों के नाम अब भी मतदाता सूची में जोड़े जा सकेंगे। इसके लिए फार्म छह भरकर आवेदन करना होगा। बीएलओ को भी ऐसे लोगों को चिह्नित कर उनके घर पहुंचकर मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश दिए गए हैं।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक राय ने बताया कि 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के पात्र लोगों के नाम मतदाता सूची में जोड़े जाएंगे। उन्होंने कहा कि पात्र लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। मतदाता बनने के लिए भारत का नागरिक होना और संबंधित बूथ क्षेत्र में निवास करना जरूरी है। आवश्यक दस्तावेजों के सत्यापन के बाद पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। लोग वेबसाइट के माध्यम से भी फार्म छह भरकर आवेदन कर सकते हैं।
2022 और 2026 की मतदाता संख्या -
लालकुआं : 1,20,392 से 1,08,521
भीमताल : 1,00,634 से 97,562
नैनीताल : 1,09,970 से 93,122
हल्द्वानी : 1,51,396 से 1,20,685
कालाढूंगी : 1,71,639 से 1,65,426
रामनगर : 1,21,868 से 1,12,219
जिले में कुल : 7,75,899 से 6,97,535


