हल्द्वानी - आम्रपाली विश्वविद्यालय में ‘अभिनंदन 2026’ की धूम, रंगारंग प्रस्तुतियों ने बांधा समां, रैंप शो में चुने गए मिस्टर और मिस फ्रेशर
 

 | 
हल्द्वानी - आम्रपाली विश्वविद्यालय में ‘अभिनंदन 2026’ की धूम, रंगारंग प्रस्तुतियों ने बांधा समां, रैंप शो में चुने गए मिस्टर और मिस फ्रेशर

हल्द्वानी - आम्रपाली विश्वविद्यालय में विभिन्न विभागों में प्रवेश लेने वाले नवागंतुक विद्यार्थियों के स्वागत के लिए ‘अभिनंदन 2026’ का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनोहारी प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय के सीईओ डॉ. संजय ढींगरा, सचिव श्रीमती बिन्दू चावला, संयुक्त सचिव श्री मयंक ढींगरा एवं कुलपति प्रो. (डॉ.) धर्मवीर सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

कुलपति प्रो. (डॉ.) धर्मवीर सिंह ने नवागंतुक विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों में प्रवेश लेने के लिए शुभकामनाएं दीं। विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को केवल किताबी शिक्षा तक सीमित न रहकर अपने सर्वांगीण विकास पर भी ध्यान देना चाहिए। प्राचीन भारत के गुरुकुलों का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि जिस प्रकार प्राचीन समय में गुरुकुलों में विद्यार्थियों के संपूर्ण विकास पर ध्यान दिया जाता था, उसी प्रकार आज के बदलते परिवेश में भी इसकी नितांत आवश्यकता है।

उन्होंने विद्यार्थियों से सह-पाठ्यचर्या गतिविधियों, जैसे खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर प्रतिभाग करने का आह्वान किया। कुलपति ने कहा कि विद्यार्थियों को गोष्ठियों, सम्मेलनों एवं कार्यशालाओं में सम्मिलित होकर उद्योग जगत में होने वाले परिवर्तनों की जानकारी प्राप्त करते रहना चाहिए। उन्होंने सभी विजेता प्रतिभागियों को साधुवाद दिया तथा शिक्षकों एवं कर्मचारियों को ‘अभिनंदन 2026’ के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विद्यार्थियों ने शास्त्रीय नृत्य, कुमाऊंनी नृत्य, बॉलीवुड नृत्य एवं भांगड़ा की प्रस्तुतियों से दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया। सरस्वती वंदना के साथ शुरू हुए कार्यक्रम में नवागंतुक विद्यार्थियों का रैंप शो विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। प्रतिभा, वेशभूषा, रैंप वॉक एवं प्रश्नोत्तर के माध्यम से नवागंतुक विद्यार्थियों में से मिस्टर एवं मिस फ्रेशर का चयन किया गया।

मिस फ्रेशर का खिताब किरन सुनरी एवं मिस्टर फ्रेशर का खिताब यश शाह ने जीता। मिस बेस्ट टैलेंट का खिताब महिमा जोशी और मिस्टर बेस्ट टैलेंट का खिताब तनिष्क कुंवर को मिला। मिस बेस्ट पर्सनैलिटी का खिताब खुशी एवं मिस्टर बेस्ट पर्सनैलिटी का खिताब फहम ने जीता। वहीं, मिस बेस्ट अटायर के लिए पायल एवं मिस्टर बेस्ट अटायर के लिए अंशुल धरियाल ने अपना दावा पेश किया।

संस्थान के गायन एवं संगीत वादन करने वाले विद्यार्थियों ने भी अपनी कला का शानदार प्रदर्शन किया। उनकी प्रस्तुतियों ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। नवागंतुक विद्यार्थियों ने कार्यक्रम का भरपूर आनंद उठाया और ‘अभिनंदन 2026’ की सराहना की।

कार्यक्रम में आम्रपाली विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रों को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया गया था। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल होकर अपने पुराने दिनों को याद किया और नवागंतुक विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम के अंत में कार्यक्रम समन्वयक एवं आम्रपाली विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) एम.के. पाण्डेय ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रबंधन मंडल का विशेष आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति प्रो. (डॉ.) एस.के. सिंह ने विशेष रूप से ‘अभिनंदन 2026’ के समन्वयक प्रो. (डॉ.) एम.के. पाण्डेय, सह-समन्वयक डॉ. मनोज नेगी, सुमित जोशी एवं अन्य आयोजनकर्ता सदस्यों को कार्यक्रम के सफल आयोजन पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ‘अभिनंदन 2026’ के छात्र समन्वयक और संपूर्ण टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से विद्यार्थियों में टीम भावना का विकास होता है, जो उनके भविष्य निर्माण में सहायक है।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के अध्यक्ष चानन लाल ढींगरा, सीईओ डॉ. संजय ढींगरा, सचिव बिन्दू चावला, संयुक्त सचिव मयंक ढींगरा, विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) धर्मवीर सिंह, प्रतिकुलपति प्रो. (डॉ.) एस.के. सिंह, परीक्षा नियंत्रक प्रो. (डॉ.) मनोज कुमार पाण्डेय, कुलसचिव राधाचरण बेहरा, सभी संकायों के संकायाध्यक्ष, विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष एवं शिक्षक तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

WhatsApp Group Join Now