हल्द्वानी - पत्नी से विवाद के बाद ससुराल में रह रहे युवक ने फंदा लगाकर की आत्महत्या, परिवार में मचा कोहराम 

 | 
Haldwani Crime - Suicide Case हल्द्वानी - पत्नी से विवाद के बाद ससुराल में रह रहे युवक ने फंदा लगाकर की आत्महत्या, परिवार में मचा कोहराम

 

लालकुआं - बिंदुखत्ता के घोड़ानाला क्षेत्र में पत्नी से कहासुनी के बाद एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए हल्द्वानी भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस के अनुसार, बरेली जिले के फरीदपुर स्थित होली चौराहा निवासी 37 वर्षीय राजेश फल-सब्जी का ठेला लगाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। वह पिछले करीब तीन माह से बिंदुखत्ता के घोड़ानाला क्षेत्र में अपनी पत्नी के साथ ससुराल में रह रहा था।

बताया जा रहा है कि बीते दिन राजेश शराब के नशे में घर पहुंचा था। इस दौरान पत्नी ने उसे टोका तो दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद के बाद राजेश दूसरे कमरे में चला गया और दरवाजा अंदर से बंद कर फंदा लगा लिया। काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर परिजनों को चिंता हुई। दरवाजा खोलने पर वह कमरे में अचेत अवस्था में मिला।

परिजन आनन-फानन में उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए हल्द्वानी मोर्चरी भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है।

WhatsApp Group Join Now