उत्तराखंड - कुमाऊं रेजिमेंट में तैनात जवान का सियाचिन में निधन, परिवार और गांव में मचा कोहराम
पिथौरागढ़ - उत्तराखंड के सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के रहने वाले भारतीय सेना के जवान दीपक कुमार जेठी का निधन हो गया। वह सियाचिन में तैनात थे, जहां ड्यूटी के दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। साथी जवानों ने तुरंत उन्हें सेना के अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन हालत में सुधार न होने पर उन्हें दिल्ली के आरआर अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान रविवार को उन्होंने अंतिम सांस ली। दीपक कुमार के निधन की सूचना सेना के अधिकारियों ने उनके परिजनों को दी, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
मूल रूप से पिथौरागढ़ जिले के अस्कोट क्षेत्र के ओझा मल्ला गांव निवासी दीपक कुमार जेठी, स्वर्गीय भवान सिंह के पुत्र थे। वह भारतीय सेना की सात कुमाऊं रेजीमेंट में तैनात थे। परिजनों के अनुसार, करीब सात महीने पहले ही उनकी तैनाती सियाचिन में हुई थी। ड्यूटी के दौरान अस्वस्थ होने के बाद उन्हें इलाज के लिए दिल्ली भेजा गया था।
जवान दीपक कुमार अपने पीछे पत्नी रीना जेठी, पांच साल के बेटे काव्यांश, वृद्ध मां और दो बड़े भाइयों को छोड़ गए हैं। उनके पिता का पहले ही निधन हो चुका है। वर्तमान में उनका परिवार लखनऊ में निवास करता है। जवान का पार्थिव शरीर सड़क मार्ग से उनके पैतृक गांव लाया जा रहा है। गांव में अंतिम दर्शन के बाद हंसेश्वर घाट पर सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। दीपक कुमार के असामयिक निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और लोग उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।
