उत्तराखंड - यहां मामूली कहासुनी ने लिया हिंसक रूप, दो पक्षों में जमकर चले लाठी-डंडे, दो गंभीर घायल

 | 
उत्तराखंड - यहां मामूली कहासुनी ने लिया हिंसक रूप, दो पक्षों में जमकर चले लाठी-डंडे, दो गंभीर घायल

Uttarakhand Crime - उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जनपद के जसपुर क्षेत्र के निजामगढ़ गांव में मामूली कहासुनी ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। एक ही समुदाय के दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेकर जांच शुरू कर दी है।

बच्चों के विवाद से शुरू हुआ झगड़ा - 
जानकारी के अनुसार, बीते दिन गांव में बच्चों के बीच खेल-खेल में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। उस समय ग्रामीणों ने मामला शांत करा दिया था, लेकिन बाद में उसी मुद्दे को लेकर बड़ों के बीच बहस शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया।

लाठी-डंडों से हमला, अफरा-तफरी - 
आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों से दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया। कुछ ही देर में पूरा इलाका जंग के मैदान में तब्दील हो गया। घटना के दौरान महिलाएं भी मौके पर मौजूद थीं। वायरल वीडियो में मारपीट और अफरा-तफरी का माहौल साफ दिखाई दे रहा है। इस संघर्ष में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है।

पुलिस ने शुरू की जांच - 
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई। एक पक्ष ने थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मामले में स्वप्न किशोर सिंह, एसपी काशीपुर ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया है। उन्होंने कहा कि वीडियो में कुछ लोग मारपीट करते नजर आ रहे हैं। पतरामपुर चौकी इंचार्ज को जांच के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद जो भी व्यक्ति मारपीट में शामिल पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। 

WhatsApp Group Join Now