हल्द्वानी - ऊंचापुल चौराहे पर चला बुलडोजर, प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम ने अवैध बिल्डिंग को बनाया मिट्टी
हल्द्वानी - शहर को जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए प्रशासन ने ऊंचापुल क्षेत्र में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ संयुक्त अभियान तेज कर दिया है। इस कार्रवाई के तहत गुरुवार को ऊंचापुल चौराहे के आसपास बने कई व्यावसायिक भवनों पर बुलडोजर चलाकर ध्वस्तीकरण और सीज की कार्रवाई की गई। प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और पहले से चिह्नित अवैध निर्माणों को हटाना शुरू किया। अधिकारियों के अनुसार संबंधित भवन अवैध प्लॉटिंग और सरकारी नजूल भूमि पर कब्जे की श्रेणी में पाए गए थे।
प्रशासन का कहना है कि लंबे समय से इस क्षेत्र में अतिक्रमण बढ़ने के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी और ऊंचापुल चौराहा अक्सर जाम का केंद्र बना रहता था। सड़क चौड़ीकरण योजना के तहत सड़क किनारे बनी कई दुकानों और भवनों को हटाया जा रहा है, जिससे भविष्य में यातायात व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद जताई जा रही है।
कार्रवाई के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट, नगर आयुक्त, एसडीएम, तहसीलदार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। पूरे अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऊंचापुल चौराहा शहर के सबसे व्यस्त चौराहों में से एक है, जहां दिनभर वाहनों की भारी आवाजाही रहती है। संकरी सड़क और अतिक्रमण के कारण यहां आए दिन जाम की समस्या बनी रहती थी।
प्रशासन ने बताया कि प्रभावित भवन स्वामियों को पहले ही नोटिस जारी किए जा चुके थे। अधिकारियों का कहना है कि चौड़ीकरण का कार्य पूरा होने के बाद इस मार्ग पर यातायात अधिक सुगम होगा और लोगों को जाम की समस्या से काफी राहत मिलेगी। साथ ही प्रशासन ने लोगों से अभियान में सहयोग करने की अपील भी की है।
